50% महिला जनप्रतिनिधि, बैठक में पहुंचीं सिर्फ 2 महिलाएं, नालंदा DM का बड़ा ऐलान
नालंदा के अस्थावां में जनप्रतिनिधियों की बैठक में महिला भागीदारी का मुद्दा सामने आया। 18 पंचायतों में करीब आधी जनप्रतिनिधि महिलाएं हैं, लेकिन बैठक में सिर्फ दो महिलाएं पहुंचीं। डीएम उदिता सिंह ने पंचायतों की समस्याओं के समाधान और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।


नालंदा के अस्थावां में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंचायतों की समस्याओं की जानकारी ली। खास बात यह रही कि 18 पंचायतों में लगभग 50 फीसदी जनप्रतिनिधि महिलाएं हैं, लेकिन बैठक में सिर्फ दो महिला जनप्रतिनिधि ही पहुंचीं। डीएम ने इसे लेकर जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और पंचायत स्तर की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
राशन कार्ड से वंचित परिवारों की पहचान करने का निर्देश
अस्थावां प्रखंड में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने पंचायतवार समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि पंचायतों में राशन कार्ड से वंचित परिवारों और वास्तविक लाभार्थियों की पहचान कर उनका राशन कार्ड बनवाने के लिए लोगों को जागरूक करें। जिले में अब तक करीब 55 हजार लोगों के राशन कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
नल-जल योजना की समस्याओं को लेकर डीएम ने अधिकारियों को प्रत्येक बुधवार को समीक्षा कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंचायतों में बने पंचायत सरकार भवनों में सहयोग शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने को भी कहा।
अवैध प्रसव केंद्र और अल्ट्रासाउंड की सूचना देने पर 5 हजार
डीएम ने अवैध प्रसव केंद्र और अवैध अल्ट्रासाउंड की जानकारी सीधे जिला कार्यालय को देने की अपील की। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखने और सही सूचना देने पर 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की बात कही गई। बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय की घेराबंदी और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग भी रखी। इसके बाद डीएम ने जनप्रतिनिधियों से बारी-बारी उनकी पंचायतों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









