ग्वालियर में 5 मासूमों ने छोड़ा घर: शराबी पिता की मारपीट से तंग आकर बच्चों ने उठाया कदम
ग्वालियर में एक ही परिवार के 5 बच्चे पिता की मारपीट से तंग आकर घर छोड़ देते हैं. पुलिस को ये बच्चे नंगे पैर बदहवास हालत में मिले थे. जिन्हें थाना प्रभारी ने कपड़े, जूते और चप्पलें दिलाई.

Gwalior, MP: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक शराबी पिता की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर पांच मासूम भाई-बहन घर से भाग निकले. तपती धूप और जलती सड़क पर नंगे पैर चलते-चलते बदहवास हालत में आरोन से घाटीगांव स्थित AB रोड पहुंच गए. गनीमत रही कि हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस की नजर इन पर पड़ गई, जिसके बाद सभी बच्चों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया.

मामला ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र का है. घाटीगांव पुलिस को बच्चों ने बताया कि उनकी मां का देहांत 5 साल पहले हो चुका है. मां की मौत के बाद से पिता रोज शराब के नशे में धुत्त होकर घर आता है और उन्हें जानवरों की तरह पीटता है. इन पांचों भाई-बहनों में सबसे बड़ा भाई 12 साल का है, जो सबसे छोटी 6 साल की बहन और अन्य भाई-बहनों को लेकर हाईवे पर निकल पड़ा था. बच्चों की किस्मत अच्छी थी कि उसी समय AB हाईवे पर घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा और पुलिस मोबाइल टीम गुजर रही थी. कड़कड़ाती धूप और गर्म सड़क पर छोटे-छोटे बच्चों को बदहवासी की हालत में घूमते देख थाना प्रभारी को शक हुआ. उन्होंने फौरन गाड़ी रुकवाई और बच्चों के पास जाकर उनसे बात की.
इसके बाद हालात भांपते हुए बच्चों को पुलिस सुरक्षा के साथ घाटीगांव थाने लेकर आए. जहां सबसे पहले भूखे-प्यासे बच्चों को अपनी देखरेख में भरपेट खाना खिलाया. इसके बाद गर्म डामर की सड़क पर चलने के कारण बच्चों के पैरों में पड़े छाले और उनकी दुर्दशा देखकर थाना प्रभारी ने तुरंत पुलिस कर्मियों को बच्चों के साथ बाजार भेजा और स्वयं के खर्च पर सभी बच्चों को नए कपड़े, जूते और चप्पलें दिलवाईं. मामले की संवेदनशीलता और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए घाटीगांव पुलिस ने तुरंत उनके परिवार की छानबीन शुरू की. परिवार के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस ने बच्चों के दादा-दादी से संपर्क कर उन्हें ग्वालियर बुलाया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब तक परिवार के बड़े बुजुर्ग थाने नहीं पहुंच जाते, तब तक बच्चों को अस्थायी और सुरक्षित रूप से घाटीगांव में ही रहने वाले उनके सगे चाचा के सुपुर्द किया गया है. साथ ही पुलिस आरोपी पिता के खिलाफ भी उचित वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है.
(अशोक सोनी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रतलाम स्टेशन परिसर में गुंडागर्दी: पुलिस के सामने चलता रहा हंगामा, मारपीट का वीडियो वायरल

ग्वालियर में 50 लाख की लूट का सनसनीखेज खुलासा, घर की बहू ही निकली मास्टरमाइंड







