एक मंच पर 4 PhD, 54 मेधावियों का सम्मान…, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह बना खास
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह में 1990 छात्राओं को डिग्री और प्रमाण पत्र दिए गए। 54 मेधावियों को स्वर्ण पदक व अन्य सम्मान मिले, जबकि पहली बार चार शोधार्थियों को PhD की डिग्री मिली।

Jamshedpur Womens University ; जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित XLRI सभागार में आयोजित हुआ। समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विश्वविद्यालय की अलग-अलग कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कुल 1990 छात्राओं को डिग्री और प्रमाण पत्र दिए गए, जबकि 54 मेधावी छात्राओं को स्वर्ण पदक, चांसलर मेडल और दूसरे पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
पहली बार एक साथ 4 शोधार्थियों को PhD
इस दीक्षांत समारोह की एक खास बात यह रही कि पहली बार एक ही समारोह में विश्वविद्यालय के चार शोधार्थियों को PhD की डिग्री प्रदान की गई। वहीं अर्थशास्त्र विभाग की छात्राओं को रेखा झा मेमोरियल मेडल भी दिया गया।
डिग्री और मेडल हासिल करने वाली छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उनके परिजन भी बेटियों की इस उपलब्धि को लेकर काफी उत्साहित दिखे।
राज्यपाल बोले- डिग्री के बाद शुरू होती है नई जिम्मेदारी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी छात्राओं को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि डिग्री और पुरस्कार हासिल करना उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने छात्राओं से अपनी शिक्षा, ज्ञान और प्रतिभा का इस्तेमाल समाज और देश के विकास में करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सफलता सिर्फ डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है। सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ना भी उतना ही जरूरी है।
बेटियां हर क्षेत्र में बना रहीं पहचान
राज्यपाल ने कहा कि देश की बेटियां आज शिक्षा से लेकर विज्ञान, खेल, प्रशासन और दूसरे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। झारखंड की बेटियों में भी प्रतिभा और आगे बढ़ने की काफी क्षमता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय छात्राओं की इस क्षमता को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार, CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, शिक्षक, पदाधिकारी, छात्राएं और उनके परिजन मौजूद रहे।
सिदगोड़ा क्षेत्र में स्थित जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय छात्राओं को उच्च शिक्षा देने वाला झारखंड का पहला महिला विश्वविद्यालय है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अपराधियों पर बोकारो पुलिस का शिकंजा!, अगस्त में 439 केस सुलझे, 32 दोषियों को कोर्ट ने सुनाई सजा

झारखंड में तेजी से बदलेगा मौसम का मिजाज, 40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं ; कई जिलों में चेतावनी जारी







