अपराधियों पर बोकारो पुलिस का शिकंजा!, अगस्त में 439 केस सुलझे, 32 दोषियों को कोर्ट ने सुनाई सजा
बोकारो पुलिस ने अगस्त में 248 नए केस दर्ज होने के बावजूद कुल 439 मामलों का निपटारा किया। पुलिस की पैरवी से 13 मामलों में 32 दोषियों को अदालत ने सजा सुनाई।

Bokaro Crime ; बोकारो में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन में दिख रहा है। जिले के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना की अध्यक्षता में एक अहम क्राइम मीटिंग हुई। इस बैठक में अगस्त महीने के दौरान जिले में हुए अपराधों और उन पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का पूरा लेखा-जोखा सामने रखा गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को जल्द से जल्द सुलझाने के कड़े निर्देश दिए।
केस दर्ज होने से ज्यादा मामले निपटाए
अगस्त महीने के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे काफी हैरान करने वाले हैं। जिले में कुल 248 नए मुकदमे दर्ज हुए थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पुराने और नए मिलाकर 439 मामलों का निपटारा कर दिया। इसके साथ ही फरार चल रहे अपराधियों पर भी पुलिस का शिकंजा कसा। गैर-जमानती वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के तहत 186 आरोपियों पर सख्त एक्शन लिया गया, जबकि 3 मामलों में पूरी तरह कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई।
कोर्ट में 32 गुनाहगारों को दिलाई गई सजा
बोकारो पुलिस की मजबूत पैरवी के चलते कोर्ट से अपराधियों को सजा दिलाने में भी बड़ी कामयाबी मिली है। अगस्त में अलग-अलग 13 गंभीर मुकदमों की सुनवाई पूरी हुई, जिसमें कोर्ट ने 32 अपराधियों को दोषी ठहराते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया। सजा पाने वालों में नाबालिगों से जुड़े पॉक्सो एक्ट, छेड़खानी, ठगी, जुआ, सड़क हादसे, हत्या और खूनी संघर्ष जैसे संगीन अपराधों के दोषी शामिल हैं।
चोरी, ठगी और मर्डर के केसों पर बड़ा एक्शन
निपटाए गए मुकदमों में सड़क हादसों से जुड़े 45 मामले शामिल रहे। इसके अलावा ठगी और जालसाजी के 36, आम चोरी के 33, घरों में सेंधमारी और गाड़ी चोरी के 25-25 मुकदमों को पूरी तरह हल किया गया। महिलाओं के खिलाफ अपराध के 30 मामलों का निपटारा हुआ। वहीं हत्या के 9, शराब माफिया के 7, राहजनी और छिनतई के 5, नशीले पदार्थों की तस्करी के 4 और नक्सली मामलों से जुड़े 4 बड़े केसों की फाइलें भी बंद की गईं।
पासपोर्ट और वेरिफिकेशन में भी तेजी
सिर्फ क्राइम ही नहीं, आम जनता से जुड़ी सेवाओं में भी पुलिस ने तेजी दिखाई है। विदेश जाने और नौकरियों के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई को समय पर पूरा किया गया। अगस्त के दौरान पासपोर्ट से जुड़े 1237 आवेदनों की जांच पूरी की गई, वहीं कैरेक्टर सर्टिफिकेट से जुड़े 1763 मामलों का वेरिफिकेशन निपटाकर आम लोगों को बड़ी राहत दी गई।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड में तेजी से बदलेगा मौसम का मिजाज, 40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं ; कई जिलों में चेतावनी जारी

UP, MP और छत्तीसगढ़ से जुआ खेलने पहुंचे थे झारखंड!, पुलिस की अचानक एंट्री से मचा हड़कंप ; 8 रईस जुआरी गिरफ्तार







