प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे बाद उतारा गया
खरौंधी प्रखंड मुख्यालय में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक प्रेम प्रसंग के मामले में अपनी मांग मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

गढ़वा: जिले के खरौंधी प्रखंड मुख्यालय में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक प्रेम प्रसंग के मामले में अपनी मांग मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, खरौंधी निवासी आदित्य कुमार एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जाता है कि उसका एक युवती के साथ प्रेम संबंध था और वह उसी युवती से शादी कराने की मांग कर रहा था। युवक बार-बार यह कह रहा था कि यदि उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, एएसआई सुरेंद्र दुबे समेत पुलिस बल ने परिजनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान टावर के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
करीब चार घंटे तक चले समझाइश और बातचीत के दौर के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। युवती के मौके पर पहुंचने के बाद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम की सूझबूझ, धैर्य और लगातार प्रयास के कारण युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया। मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू, डीसी ने रवाना किया एलईडी रथ

राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक







