पत्नी से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, Motihari के युवक का टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा
मोतिहारी में एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा कर डाला. बताया जा रहा है कि पत्नी से नाराज था मोहित पांडे. पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा.

Bihar (East Champaran): पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बनकटवा गांव का एक युवक मोहित पांडे पत्नी से नाराज होकर मेला चौक स्थित एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार मोहित पांडे काफी समय से अपनी पत्नी से बच्चे की मांग को लेकर नाराज चल रहा था. पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है. इसी तनाव में आकर मंगलवार को वह अचानक मेला चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर की ऊंचाई पर खड़े होकर युवक बार-बार नीचे कूदने की धमकी देने लगा. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और लोग उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने का प्रयास करते रहे.
घटना की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ के साथ कार्रवाई शुरू की. थानाध्यक्ष ने युवक से उसके मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया.
काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा, लेकिन युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हो रहा था, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही. करीब कई घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस की कोशिश रंग लाई. थानाध्यक्ष अजय कुमार और पुलिसकर्मियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा. इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया.
युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ पहाड़पुर थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने उसकी पत्नी से भी संपर्क कर दोनों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद की जानकारी ली है.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत

Begusarai में स्कूल का शौचालय बना शराब गोदाम ! शराब पीकर लड़खड़ाते घर पहुंचा चौथी कक्षा का छात्र






