50-60 KM दूर क्यों जाएं छात्र? लखीसराय में विश्वविद्यालय के लिए छिड़ी मुहिम
लखीसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर KSS कॉलेज से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। आने वाले दिनों में कॉलेजों, बाजारों और प्रखंड मुख्यालयों में अभियान चलाकर छात्रों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा।


लखीसराय: जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अब छात्रों और युवाओं ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में बुधवार को KSS कॉलेज से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का मकसद ज्यादा से ज्यादा छात्रों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों को इस मांग से जोड़ना है। आयोजकों के मुताबिक, अभियान सिर्फ कॉलेज तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में लखीसराय के सभी कॉलेजों, मुख्य बाजारों और प्रखंड मुख्यालयों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि लखीसराय में विश्वविद्यालय नहीं होने के कारण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए 50 से 60 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है। छात्रों का कहना है कि अगर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित होता है तो उन्हें बाहर जाने की परेशानी कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
CM, राज्यपाल से लेकर सांसद-विधायक तक पहुंचेगी आवाज
हस्ताक्षर अभियान के बाद जुटाए गए हस्ताक्षरों के साथ मुख्यमंत्री, राज्यपाल, सांसद, विधायक और MLC को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से इस मुद्दे पर अपने स्तर से पहल करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि लखीसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके।
‘छात्र आंदोलन एक शुरुआत है’
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला सक्रिय सदस्य मनीष कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की मांग को लेकर शुरू किया गया यह छात्र आंदोलन अभी शुरुआत है। आने वाले दिनों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। वहीं शीला कुमारी ने भी विश्वविद्यालय की जरूरत पर जोर दिया। उनका कहना है कि जिले में विश्वविद्यालय बनने से छात्रों के साथ-साथ आम लोगों को भी लंबे समय में काफी फायदा मिलेगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि KSS कॉलेज से शुरू हुआ यह हस्ताक्षर अभियान कितनी दूर तक पहुंचता है और सरकार इस मांग पर क्या कदम उठाती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार को बड़ा तोहफा! ₹3,591 करोड़ से बनेगा 4-लेन हाईवे, इन शहरों की बदलेगी कनेक्टिविटी

भागलपुर को बदलने का प्लान तैयार! ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने जनता के साथ लिया बड़ा संकल्प







