चतरा में जमीन विवाद पर बवाल, महिला ने खुद को लगाई आग
शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के पास जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशासनिक टीम के सामने एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली।


Chatra: शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के पास जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशासनिक टीम के सामने एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। महिला को बचाने के प्रयास में उसका बेटा और पुलिस का ASI भी झुलस गया।
घटना में गंभीर रूप से झुलसी महिला की पहचान रीना देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची RIMS रेफर किया गया है। वहीं, आग बुझाने के दौरान उनका बेटा धीरज और ASI प्रवीण कुमार भी झुलस गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थी प्रशासनिक टीम
परिजनों का आरोप है कि वे करीब 100 वर्षों से उक्त जमीन पर रह रहे हैं। उनका दावा है कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फर्जी कागजात तैयार कर उन्हें बिना नोटिस बेदखल करने का प्रयास किया। इसी विवाद को लेकर प्रशासनिक टीम जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थी।
इसी दौरान अचानक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ASI ने बताई अलग तस्वीर
घायल ASI प्रवीण कुमार के अनुसार, विरोध के दौरान करण नाम का एक युवक पेट्रोल लेकर वहां आया और लोगों पर पेट्रोल छिड़कने लगा। इसी बीच किसी ने माचिस जला दी, जिससे महिला आग की चपेट में आ गई।
हालांकि, घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









