बोकारो DSP पर 25 लाख मांगने और गला दबाने का केस दर्ज
कानून की रखवाली करने वाले एक पुलिस अफसर पर ही अपनी पत्नी को बंधक बनाने और उसे बुरी तरह पीटने का बेहद संगीन मामला सामने आया है।


Bokaro: कानून की रखवाली करने वाले एक पुलिस अफसर पर ही अपनी पत्नी को बंधक बनाने और उसे बुरी तरह पीटने का बेहद संगीन मामला सामने आया है। यह पूरा मामला बोकारो सीसीआर में तैनात डीएसपी राम प्रवेश कुमार का है। उनकी पत्नी मनीषा रॉय ने रांची के सदर थाने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मनीषा का आरोप है कि उनकी ननद की शादी के लिए मायके से 25 लाख रुपये नहीं लाने पर डीएसपी पति ने उनके साथ मारपीट की, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उन्हें कमरे में बंद कर दिया।
शादी के कुछ महीने बाद ही पैसों की डिमांड
मनीषा ने अपनी शिकायत में बताया है कि इसी साल 11 मार्च को उनकी शादी डीएसपी राम प्रवेश कुमार से हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बीते थे कि पति और ससुराल वालों ने अपनी छोटी बहन की शादी के नाम पर पैसों का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मनीषा के मुताबिक, 21 अगस्त की रात बोकारो वाले सरकारी आवास में पति ने उन पर दबाव डाला कि मायके वालों से कहकर 20 से 25 लाख रुपये लेकर आओ। जब मनीषा ने इस बात का विरोध किया, तो डीएसपी साहब का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
बिस्तर पर पटक कर पीटा, हो गईं बेहोश
मनीषा का आरोप है कि गुस्से में आकर उनके पति ने उन्हें बिस्तर पर जोर से पटक दिया और उनका गला दबाने लगे। डीएसपी ने उनके चेहरे, छाती और पीठ पर मुक्के और कोहनी से इतने ताबड़तोड़ वार किए कि वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया, तो पति ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें कमरे के अंदर बंद कर दिया। चोटें ज्यादा गहरी थीं, इसलिए अगले दिन उन्हें डरा-धमका कर डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर या किसी और से कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
'पैसे लेकर ही लौटना, नहीं तो जान से धोना पड़ेगा हाथ'
इलाज के बाद उन्हें फिर से कमरे में कैद कर दिया गया और साफ चेतावनी दी गई कि मायके जाकर 25 लाख रुपये लेकर ही आना। पति ने कहा कि अगर बिना पैसों के वापस आई तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। किसी तरह वहां से बचकर मनीषा रांची स्थित अपने मायके पहुंचीं और घरवालों को सारी आपबीती सुनाई। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
DSP पति समेत सास-ससुर पर केस दर्ज
मनीषा की शिकायत के बाद रांची पुलिस ने इस मामले में डीएसपी राम प्रवेश कुमार, उनकी मां उर्मिला देवी, पिता अरविंद कुमार और मामा जनार्दन प्रसाद यादव समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में राधा स्वामी संगठन फर्जीवाड़े में मास्टरमाइंड की पत्नी और दो मैनेजर गिरफ्तार, थाने के बाहर हंगामा

लवकुश शर्मा की तलाश में SIT की ताबड़तोड़ छापेमारी, 10 संदिग्ध हिरासत में!







