गिरिडीह में डीजल टंकी फटते ही आग का गोला बना ट्रक, सड़क पर...
गिरिडीह के बेंगाबाद चौक पर ट्रक की डीजल टंकी फटने से भीषण आग लग गई। सड़क पर फैली लपटों को स्थानीय लोगों ने समय रहते बुझाया, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

Giridih: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद चौक पर गुरुवार की दोपहर उस वक्त रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर देखने को मिला, जब एक चलती ट्रक की डीजल टंकी अचानक फट गई और देखते ही देखते वाहन आग की भयानक लपटों में घिर गया। टंकी फटने से सड़क पर तेजी से गिर रहे डीजल में आग पकड़ने के कारण एनएच मुख्य सड़क पर भी लपटें फैलने लगीं। सड़क पर बहते आग के दरिया और भयावह लपटों को देखकर चौक पर मौजूद दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों में भारी अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के साथ-साथ सड़क किनारे खड़े टोटो, बाइक और अन्य वाहनों को आनन-फानन में वहां से हटाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पटना से मछली खाली कर लौट रहा था ट्रक, साइलेंसर की चिंगारी से भड़की आग
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक सलीम अंसारी अपने वाहन में पटना से मछली खाली करके वापस नारायणपुर, जामताड़ा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक बेंगाबाद चौक के पास पहुंचा, अचानक उसकी डीजल टंकी फट गई और भारी मात्रा में ईंधन सड़क पर बहने लगा। इसी दौरान साइलेंसर से निकली चिंगारी के संपर्क में आते ही डीजल ने भयंकर आग पकड़ ली। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को एनएच मुख्य पथ के किनारे खड़ा कर दिया, लेकिन सड़क पर बहते हुए डीजल की वजह से आग तेजी से आगे फैलने लगी और पास में खड़ी एक पिकअप वैन का टायर भी आग की चपेट में आकर जल गया।
दमकल आने से पहले स्थानीय लोगों ने दिखाया अदम्य साहस, पाया काबू
हादसे की भयावहता को भांपते हुए आसपास के स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने गजब की तत्परता दिखाई। लोगों ने बिना वक्त गंवाए बाल्टियों से पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
समय रहते नियंत्रण से टला बड़ा जान-माल का नुकसान
घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई और फायर ब्रिगेड की टीम फौरन रवाना हुई, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया था। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बेंगाबाद के व्यस्त बाजार में एक बड़ा जान-माल का नुकसान होने से बच गया। इस पूरे हादसे में ट्रक और पास खड़ी पिकअप वैन को क्षति पहुंची है, जबकि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

न दवा मिली, न सही इलाज..., रांची के गुरु नानक अस्पताल से बाहर आते ही फूटा मरीज का दर्द, बयां की आपबीती

नेपाल के पानी से साहिबगंज में हाहाकार!, कारगिल दियारा में भारी कटाव, घर छोड़ ऊंचे स्थानों की ओर भागे लोग







