रानी सती मंदिर को चोरों ने बनाया अपना निशाना, चांदी के आभूषण लेकर मौके से हुए चंपत
मुंगेर जिले स्थित रानी सती मंदिर को चोरों ने अपना निशाना बनाया है. चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर चांदी के आभूषणों की चोरी की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

Munger (Bihar): मुंगेर जिले में रानी सती मंदिर को बीती देर रात (गुरुवार, 5 मार्च 2026) चोरों ने अपना निशाना बनाया. यह पूरा मामला जिले के हवेली खड़गपुर नगर परिषद क्षेत्र स्थित मारवाड़ी टोला का है जहां स्थित रानी सती मंदिर में घुसकर चोरों ने चांदी के आभूषणों की चोरी की. इधर, इस घटना की जानकारी तब हुई जब शुक्रवार (6 मार्च 2026) की सुबह श्रद्धालु पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे. उन्होंने देखा कि मंदिर के साइड वाला दरवाजा टूटा पड़ा है. इसके बाद मंदिर समिति ने चोरी की आशंका जताते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी.
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर परिसर के साइड में बने दरवाजे की कुंडी तोड़कर मंदिर के भीतर प्रवेश किया और राम जानकी मंदिर से भगवान राम और लक्ष्मण, जानकी की प्रतिमा पर लगे 3 चांदी के मुकुट, उनके हाथों में लगे दो चांदी के तीर और दो धनुष चोरी कर लिए. इसके अलावा खाटू श्याम बाबा मंदिर से 1 चांदी का छत्र औररानी सती दादी मंदिर से भी 1 चांदी का छत्र चोरी हुई है. 
इधर, मंदिर समिति के अनुसार, चोरी हुए चांदी के आभूषणों का कुल वजन करीब एक से सवा किलो के बीच बताया जा रहा है, जिसकी कीमत वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार लगभग तीन से चार लाख रुपये आंकी गई है. वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जो फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
घटना के संबंध में मंदिर समिति के सदस्य रौनक सिंघानिया ने बताया कि सुबह फोन के माध्यम से मंदिर में चोरी की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई. उन्होंने स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान की बिक्री करने आता है तो इसकी सूचना तुरंत मंदिर समिति या पुलिस को दें. इधर घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई. वहीं, इस घटना को लेकर लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है.
रिपोर्ट- सुमित कुमार
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमीनी विवाद में भाई का दुश्मन बना भाई, खेत से लौट रहे परिवार पर ईंट-पत्थर और कुदाल से हमला

धान के गोदाम को नशा के तस्करों ने बनाया शराब फैक्ट्री ! DC के निर्देश पर उत्पाद विभाग और पुलिस ने किया खुलासा






