रांची में यहां रात 2 बजे ताबड़तोड़ हुई फायरिंग, शराब के नशे में आपस में भिड़े दोस्त, युवक को लगी गोली
राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार की देर रात करीब 2 बजे शराब पार्टी के दौरान खूनी खेल हो गया।


Ranchi Crime News: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार की देर रात करीब 2 बजे शराब पार्टी के दौरान खूनी खेल हो गया। दोस्तों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर सीधे गोली चला दी गई। गोली लगने से टोनी लोहरा नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके पेट में गोली लगी है। वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायल को रिम्स (RIMS) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायल टोनी लोहरा मूल रूप से रातू थाना क्षेत्र के कमड़े इलाके का निवासी बताया जा रहा है।
नशे में हुआ विवाद और गूंज उठी गोली की आवाज
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात मंडा बगीचा इलाके में कई युवक इकट्ठा होकर शराब पी रहे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई के बीच एक युवक ने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सीधे टोनी के पेट में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक हमलावर युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे।
सदर DSP और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा, छापेमारी तेज
घटना की सूचना मिलते ही सदर DSP और बरियातू थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय चश्मदीदों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में लगी है। पुलिस ने फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान लगभग कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









