बागों में बहार है.. Ranchi के लोक भवन उद्यान में उमड़ी भीड़, हरियाली और फूलों के बीच लोगों ने पाया सुकून
हर साल कुछ दिनों के लिए खुलने वाले लोक भवन (राज भवन) उद्यान को 2 फरवरी से खोल दिया गया है. फिलहाल फूलों की बगिया का लुत्फ उठाने के लिए लोगों की भीड़ 8 फरवरी तक देखने को मिलेगी.

Jharkhand (Ranchi): राज्यपाल के निर्देश पर लोक भवन उद्यान को आम नागरिकों के लिए 2 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक खोला गया है. जैसे ही उद्यान के द्वार आम जनता के लिए खुले, वैसे ही लोगों में इसे देखने का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
खुलने के तीसरे दिन ही कुल 12,711 नागरिकों ने उद्यान का भ्रमण और परिदर्शन किया. सुबह से ही लोक भवन परिसर के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं- परिवार, बुजुर्ग, बच्चे और युवा उत्साह के साथ प्रवेश की प्रतीक्षा करते दिखे.उद्यान का शांत वातावरण, सुव्यवस्थित पथ, और रंग-बिरंगे फूलों की क्यारियाँ आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं. कपल्स और परिवारों ने बताया कि “यह जगह शहर की भागदौड़ से दूर सुकून का एहसास कराती है.” फूलों की खुशबू और हरियाली के बीच टहलते हुए लोगों के चेहरे पर खुशी और शांति साफ झलक रही थी.
कई आगंतुकों ने उद्यान को प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छता और अनुशासन का शानदार उदाहरण बताया. हर कोना मानो प्रकृति की गोद में बैठा एक सुंदर चित्र नजर आता है.
भ्रमण का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है. आगंतुकों के लिए गेट संख्या–2 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है, जहाँ सुरक्षा जांच की पूरी व्यवस्था है. सुरक्षा कारणों से 1 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, ताकि सभी आगंतुक आराम से भ्रमण का आनंद ले सकें.
प्रशासन की ओर से आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, स्वयंसेवक और सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं. साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे उद्यान में स्वच्छता बनाए रखें, पौधों को नुकसान न पहुँचाएँ और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
लोक भवन उद्यान का यह सार्वजनिक भ्रमण न केवल नागरिकों को प्रकृति के और करीब ला रहा है, बल्कि उन्हें राज्य की प्रशासनिक विरासत और सौंदर्यबोध से भी परिचित करा रहा है. आने वाले दिनों में और भी बड़ी संख्या में लोगों के यहाँ पहुँचने की संभावना जताई जा रही है.
Report: Mahak Mishra
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

GUMLA BREAKING: मवेशी को बचाने के दौरान चैनपुर सीओ की गाड़ी सड़क पर पलटी, बाल-बाल बचे अंचलाधिकारी

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो






