पलामू में चोरी गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार; 13 प्रिंटर समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और 3 बाइक बरामद
पलामू पुलिस ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के उद्भेदन में बड़ी सफलता हासिल की है।

Palamu News । पलामू पुलिस ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के उद्भेदन में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि नामुदाग गांव निवासी अवधेश कुमार भुईयाँ के घर में चोरी का सामान रखा हुआ है और कुछ सामान बेचने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर की घेराबंदी कर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU, लैपटॉप, इन्वर्टर, बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन सहित अन्य सामान बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक, अवधेश कुमार भुईयाँ ने अपने साला अमोद भुईयाँ के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी रात के समय ताले तोड़कर ब्लॉक कार्यालयों, स्कूलों, पंचायत भवनों और अन्य सरकारी संस्थानों से कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करते थे। कई सरकारी संस्थान निशाने पर आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस को छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय, फोटो कॉपी दुकान और नामुदाग हाई स्कूल समेत विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए सामान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस ने अन्य स्थानों से भी कई चोरी के सामान बरामद किए हैं। क्या-क्या हुआ बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 प्रिंटर, एक Acer लैपटॉप, एक Acer ऑल-इन-वन कंप्यूटर, एक Luminous 200 AH बैटरी, Dell और Lenovo CPU, Acer मॉनिटर, Zebronics होम थिएटर, दो इन्वर्टर मशीन, एक लेमिनेशन मशीन, दो लैपटॉप माउस, एक चार्जर, HP गैस सिलेंडर, एक मूविंग चेयर और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश कुमार भुईयाँ (35 वर्ष), पिता स्व. बैजु भुईयाँ, ग्राम-पोस्ट नामुदाग तथा अमोद भुईयाँ (30 वर्ष), पिता स्व. सुनर भुईयाँ, ग्राम जवाड़, थाना नौडीहा बाजार के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी पु0अ0नि0 नीरज कुमार, पु0अ0नि0 मनोज कुमार सिंह, स0अ0नि0 राजेश बैठा सहित नौडीहा बाजार थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की घटनाओं में इनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









