मोतिहारी से दिखीं हिमालय और माउंट एवरेस्ट की बर्फीली चोटियां, छात्र ने टेलिस्कोप से किया कैद
उत्तर बिहार में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद वातावरण पूरी तरह साफ हो गया, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी बढ़ गई. हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नीचे बैठ गए.

Motihari (Bihar): मोतिहारी से शनिवार शाम एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब सैकड़ों किलोमीटर दूर स्थित हिमालय पर्वत की बर्फ से ढकी चोटियां नंगी आंखों से साफ दिखाई दीं. खास बात यह रही कि दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट भी स्पष्ट रूप से नजर आई.
इस अद्भुत नजारे को माउंट लिटेरा जी स्कूल के 9वीं कक्षा के छात्र मोहम्मद एहान ने अपने टेलिस्कोप के जरिए मोबाइल कैमरे में कैद किया. तस्वीरों और वीडियो में हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं और बर्फीली चोटियां साफ देखी जा सकती हैं.
बताया जा रहा है कि उत्तर बिहार में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बाद वातावरण पूरी तरह साफ हो गया, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी बढ़ गई. हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नीचे बैठ गए. जिसके कारण करीब 150 से 400 किलोमीटर दूर स्थित हिमालय की चोटियां साफ नजर आने लगीं.
विशेषज्ञों के अनुसार:
मौसम वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले दो दिनों से उत्तर बिहार में लगातार हुई बारिश ने इस दृश्य को संभव बनाया. बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल, धुआं और प्रदूषण के कण जमीन पर बैठ गए, जिससे हवा काफी स्वच्छ हो गई और विजिबिलिटी (दृश्यता) में जबरदस्त सुधार हुआ. नमी बढ़ने से प्रकाश का प्रकीर्णन कम होता है इन परिस्थितियों में दूर स्थित ऊंचे पर्वत, जैसे हिमालय, असाधारण रूप से स्पष्ट दिखाई दे सकते हैं. 
हिमालय विश्व की सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं में से एक है, जबकि माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई लगभग 8,848.86 मीटर है. इतनी ऊंचाई के कारण साफ वातावरण में इसकी चोटियां दूर से भी दिखाई दे सकती हैं, और टेलिस्कोप के माध्यम से यह दृश्य और भी स्पष्ट हो जाता है.
छात्र मोहम्मद एहान ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस पल का इंतजार कर रहे थे. उन्होंने कहा, “जब मैंने टेलिस्कोप से देखा, तो बर्फीली चोटियां बेहद साफ नजर आ रही थीं. यह मेरे लिए किसी सपने जैसा था.” गौरतलब है कि इससे पहले COVID-19 लॉकडाउन के दौरान भी प्रदूषण कम होने पर इस तरह के दृश्य देखने को मिले थे. यह दुर्लभ नजारा एक अहम संदेश भी देता है .अगर पर्यावरण स्वच्छ रहे, तो प्रकृति अपने सबसे खूबसूरत रूप में दिखाई देती है.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बेतिया में मौसा ने रिश्ते को किया तार-तार ! साली की बेटी से किया दुष्कर्म, पुलिस ने दबोचा

बिहार में सम्राट मॉडल की एंट्री ! अपराधियों पर टूटा सरकार का कहर







