जिस महिला को पति से दूर रहने को कहती थी पत्नी, उसी के घर गई थी... फिर मिला शव
नालंदा के परवलपुर में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति के कथित संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मायके वालों के आरोप के बाद पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज कर एक नामजद महिला को गिरफ्तार किया है।


नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के अलांवा पंचायत अंतर्गत लढ़ुआरी मठियापर गांव में मंगलवार को 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान गांव के ही पिंटू कुमार की पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, प्रीति के पति पिंटू कुमार का गांव की ही एक शादीशुदा महिला से कथित रूप से लंबे समय से संबंध था। बताया गया कि इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पिंटू चेन्नई में मजदूरी करता था और करीब 10 दिन पहले ही गांव लौटा था।
पति की कथित प्रेमिका के घर पहुंची थी प्रीति
मृतका की चाची सास संजू देवी के मुताबिक, प्रीति अपने पति को उक्त महिला के घर जाने से मना करती थी। घटना की सुबह भी प्रीति कथित तौर पर अपने पति को बुलाने के लिए उस महिला के घर गई थी, जहां दोनों के बीच विवाद और मारपीट होने की बात सामने आई है। इसके बाद प्रीति अपने घर लौट आई। कुछ ही देर बाद घर में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्रीति की एक बेटी भी है।
सूचना मिलने पर परवलपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के मायके वालों ने पति और उसके सहयोगियों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। प्रीति का मायका जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में बताया गया है। थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि मायके पक्ष के आवेदन के आधार पर पति समेत कुल चार लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी में नामजद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है| अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रीति की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश थी? इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
(संवाददाता - वीरेंद्र कुमार, नालंदा)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बाल पकड़कर पीटा, फिर टेढ़ी हो गई बच्चे की गर्दन! परिजनों ने भी आरोपी शिक्षक को

थाने में खड़ा था जब्त ट्रक, एक हफ्ते बाद हुआ गायब! अब SHO समेत 3 पर गिरी गाज







