‘1.90 लाख रुपये देने की बात थी, पैसा कहां गया?’ कौन से पैसों की बात कर रहे है तेजस्वी!
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि समाज के लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और सवाल उठाया कि 1.90 लाख रुपये देने की घोषणा का पैसा आखिर कहां गया।


गया: टिकारी के महमन्ना में रविवार को आयोजित भुइयां-मुसहर सम्मेलन और झूमर कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भुइयां-मुसहर समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज के लोगों को सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।
यह सम्मेलन मांझी समाज के नेता भोला मांझी के पिता महेश मांझी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भुइयां-मुसहर समाज के लोग और राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘सरकार में समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा’
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब उनकी पार्टी की सरकार थी, तब भुइयां-मुसहर समाज को आगे लाने के लिए कई स्तरों पर काम किए गए। उनके मुताबिक शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समाज के लोगों को बेहतर अवसर देने की कोशिश की गई। वर्तमान सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि आज भुइयां-मुसहर समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उनका आरोप है कि सरकार की योजनाओं और घोषणाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को रोजगार चाहिए, बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलनी चाहिए और लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि सिर्फ घोषणा करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।
‘1.90 लाख देने की बात थी, अब पैसा कहां गया?’
तेजस्वी यादव ने सरकार की एक घोषणा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि “1 लाख 90 हजार रुपये देने की बात थी, वह पैसा कहां गया?”उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को इस बारे में जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने रोजगार और शिक्षा के साथ-साथ सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
महमन्ना की समस्याओं को सदन में उठाने का भरोसा
तेजस्वी यादव ने महमन्ना क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टिकारी का महमन्ना काफी सुदूर इलाका है और विकास की दौड़ में यह क्षेत्र पीछे है। यहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है।
उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी ओर से हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। वहीं क्षेत्रीय विधायक अजय दांगी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के सामने इलाके की समस्याओं को रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिया है कि आने वाले दिनों में इन मुद्दों को विधानसभा में उठाया जाएगा और क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राजद जिलाध्यक्ष सुभाष यादव, भोला मांझी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

‘पहले घर दो, फिर तोड़ो’! दलित परिवारों का बुलडोजर चलने पर छलका दर्द

फरक्का जल संधि बिहार के हित में नहीं, नवीनीकरण पर हो पुनर्विचार: JDU विधायक बशिष्ठ सिंह







