राहुल गांधी के दखल से बनी बात!, दिल्ली में खड़गे से मिले इरफान अंसारी, युवाओं का आंदोलन खत्म कराने पर मिली शाबाशी
झारखंड में पिछले 26 दिनों से अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे युवाओं का आंदोलन आखिरकार शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया है।

JPSC-JSSC Protest: झारखंड में पिछले 26 दिनों से अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे युवाओं का आंदोलन आखिरकार शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया है। इस पूरे मसले के सुखद समाधान के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से खास मुलाकात की। इस बैठक में युवाओं के आंदोलन, सरकार की त्वरित पहल और छात्रों की मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली पूरी कैबिनेट की तारीफ की और आंदोलन को बिना किसी टकराव के खत्म कराने के लिए बधाई दी।
राहुल गांधी के हस्तक्षेप से बदला माहौल
दिल्ली में हुई इस अहम मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में इरफान अंसारी ने राहुल गांधी के योगदान की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलन कर रहे झारखंड के युवाओं की आवाज को बेहद मजबूती से देश के सामने उठाया था। उनके इसी हस्तक्षेप के कारण सरकार और आंदोलनकारी युवाओं के बीच बातचीत की एक सकारात्मक राह खुली। मंत्री ने बताया कि शुरुआत से ही हेमंत सरकार की मंशा युवाओं पर किसी तरह का दबाव बनाने के बजाय उनसे लगातार संवाद कायम करने की रही, ताकि उनकी समस्याओं का संवेदनशील समाधान निकाला जा सके।
धरना स्थल पर बिताई रात और तुड़वाया अनशन
छात्रों के प्रति संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए इरफान अंसारी ने बताया कि आंदोलन के दौरान युवाओं के स्वास्थ्य की चिंता सरकार की पहली प्राथमिकता थी। वे खुद रातभर आंदोलन स्थल पर डटे रहे और अनशन पर बैठे युवाओं से बातचीत करते रहे। डॉक्टरों की टीम तैनात कर अनशनकारी छात्रों की मेडिकल जांच सुनिश्चित की गई और खुद अपने हाथों से जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया गया। इसी संवेदनशील रवैये के चलते मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी के प्रयासों को खड़गे ने भी सराहा।
स्वास्थ्य व्यवस्था और एआई-डिजिटल सेवाओं पर भी मंथन
इस मुलाकात में सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के कायाकल्प पर भी चर्चा हुई। इरफान अंसारी ने कांग्रेस अध्यक्ष को राज्य में चल रही रिम्स-2 (RIMS-2) योजना, नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण, डिजिटल हेल्थ मिशन और एआई (AI) आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि युवा ही देश और राज्य का असली भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार पूरी निष्ठा से निभा रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

संभल जाइए!, झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, 6 जिलों में बारिश का 'Yellow Alert', 40 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं







