पेट्रोल भराते ही खराब हो गई गाड़ी!, बोकारो में पेट्रोल पंप पर फूटा ग्राहकों का गुस्सा, लगाए गंभीर आरोप
बोकारो के चास स्थित BPCL पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिले होने का आरोप लगा है। पेट्रोल भराने के बाद बाइक खराब होने पर ग्राहकों ने हंगामा कर जांच की मांग की।

Bokaro: बोकारो जिले के चास में एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिले होने का गंभीर आरोप सामने आने के बाद जोरदार हंगामा मच गया। पूरा मामला तेलीडीह मोड़ के पास, बांधगोड़ा की तरफ जाने वाले फोरलेन किनारे स्थित भारत पेट्रोलियम (BPCL) के पेट्रोल पंप का है। यहां बाइक में पेट्रोल डलवाने के कुछ ही दूरी बाद गाड़ी अचानक बंद हो गई और उसके महत्वपूर्ण पार्ट्स खराब हो गए, जिससे नाराज बाइक सवार ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर जमकर विरोध दर्ज कराया।
मैकेनिक ने की जांच तो टंकी और फिल्टर से निकला पानी
पीड़ित चास निवासी आशीष के मुताबिक, उन्होंने उक्त पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया था। जैसे ही वे पेट्रोल लेकर आगे बढ़े, उनकी गाड़ी ने अचानक झटके लिए और बंद हो गई। बार-बार कोशिश के बाद भी जब बाइक स्टार्ट नहीं हुई, तो वे उसे पास के एक मैकेनिक के पास ले गए। मैकेनिक ने जब गाड़ी की जांच की, तो पता चला कि पेट्रोल में अत्यधिक मात्रा में पानी मिला हुआ था, जिसकी वजह से बाइक का फिल्टर चोक हो गया और इंजन के अन्य हिस्सों में खराबी आ गई।
मौके पर कई अन्य लोगों ने भी की शिकायत, पंप संचालकों ने साधी चुप्पी
गाड़ी खराब होने के बाद आशीष सीधे पेट्रोल पंप पहुंचे और पंप संचालकों के सामने अपनी शिकायत रखी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य वाहन चालकों ने भी पेट्रोल में पानी मिले होने और गाड़ियों में गड़बड़ी आने की बात कहते हुए नाराजगी जाहिर की। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया। जब मीडिया और ग्राहकों ने इस संबंध में पेट्रोल पंप प्रबंधन से उनका पक्ष जानना चाहा, तो संचालकों ने कैमरे या सवालों के सामने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया।
सख्त कार्रवाई और जांच की उठी मांग, कई अन्य वाहनों पर भी संकट
इस घटना के बाद इलाके के वाहन चालकों में असमंजस और डर का माहौल है। बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर टैंक में पानी की मिलावट हुई है, तो उस दौरान जितने भी लोगों ने वहां से पेट्रोल लिया, क्या उन सभी की गाड़ियों के इंजन को भारी नुकसान पहुंचा है? स्थानीय लोगों ने आपूर्ति विभाग और पेट्रोलियम कंपनी के उच्चाधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, पेट्रोल के सैंपल की जांच करने और दोषी पाए जाने पर पंप संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बंदूकें खामोश हुईं पर स्कूलों की छतें जर्जर, नक्सलमुक्त होकर भी विकास को तरस रहा पश्चिमी सिंहभूम का बोयपाईसन गांव!

बच्चों के हाथ में हो किताब, नशे से रहें दूर!, बिरहोर परिवारों के बीच पहुंची हजारीबाग पुलिस की पाठशाला, बच्चों की शिक्षा पर दिया जोर







