T20 WC 2026 India Squad: भारतीय टीम का ऐलान, गिल Out - ईशान In, अक्षर के हाथ उपकप्तानी
भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से मेजबानी किए जाने वाले T20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनाए गए खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी गई है. जहां घरेलू टूर्नामेंट सैय्यद मुस्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले कप्तान ईशान किशन को गिल की जगह टीम में स्थान मिला है, वहीं अक्षर को उपकप्तानी का भार सौंपा गया है.

T20 WC 2026 India Squad: साल 2026 में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. पिछली बार की विजेता टीम भारत अपना खिताब अपने पास ही रखने के इरादे से आगामी विश्व कप खेलने का प्रयास करेगी. इसके शुरु होने में अब 50 दिन से भी कम का समय शेष रह गया है.

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 2026 टी20 विश्व कप का खिताब बचाव करने उतरेगी भारतीय टीम. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में चयन समिति की बैठक में टीम का चयन किया गया. साथ ही बताया गया है कि यही टीम जनवरी में होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज भी खेलेगी.
भारतीय टीम खिताब बचाने का रखेगी इरादा
भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया था. भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा. यह इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा. अब तक कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकी है, ऐसे में टीम इंडिया के पास घरेलू जमीन पर यह तिलिस्म तोड़ने का सुनहरा अवसर होगा.

गिल की जगह ईशान को मिली जगह
भारत ने टी20 विश्व कप के लिए जो टीम चुनी है उसमें शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है. गिल अभी तक टीम के उपकप्तान थे, लेकिन अब ये जिम्मेदारी एक बार फिर अक्षर पटेल को सौंपी गई है. गिल का टी20 में प्रदर्शन काफी समय से अच्छा नहीं रहा है. वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है. ईशान ने भारत के लिए आखिरी बार 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था. यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी था. उत्साह से लबरेज ईशान किशन सैय्यद मुस्ताक अली ट्रॉफी में विजयी टीम झारखंड के कप्तान हैं. जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया. दूसरी ओर, रिंकू एशिया कप का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए मौका नहीं मिला था.

संजू होंगे विकेटकीपर
टीम का एलान करते वक्त अजीत अगरकर ने बताया कि संजू सैमसन विकेटकीपर होंगे. गिल के बाहर होने से अब ये तय हो गया है कि संजू, अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करते नजर आएंगे. सैमसन और अभिषेक की सलामी जोड़ी काफी सफल रही है और ऐसा ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 में भी देखने को मिला था.

कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस बात की पुष्टि की है कि टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं रखा गया है. स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं रखने का कारण स्पष्ट है कि टूर्नामेंट भारत में ही हो रहा है. इससे पहले, 2024 के लिए टी20 टीम घोषित करते वक्त भारत ने कई खिलाड़ियों को अल्टरनेट विकल्प के तौर पर रखा था.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

KKR vs SRH: कमजोर गेंदबाजी प्रदर्शन की परीक्षा घड़ी, आज कौन मारेगा बाजी !

'वो बहुत भावुक पल थे..', CSK से दूर होने पर जडेजा ने जाहिर की अपनी भावनाएं






