भागलपुर में तेज आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, कहीं गिरा विशाल पेड़.. कहीं बिजली के खंभे के कारण घरों में फंसे रहे लोग
तेज आंधी तूफान से एक विशाल पेड़ घर पर गिर जाने से दो लोग दस घंटे तक घर में फंसे रहे. रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया.

Bhagalpur, Bihar : भागलपुर में देर रात आए तेज आंधी तूफान ने जहां भारी तबाही मचा दी. कई जगह विशाल पेड़ गिर गए, कहीं डालियों के टूटकर सड़क पर गिरने से घंटों आवाजाही प्रभावित रहीं. कहीं बिजली के तार गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है.
पेड़ गिरने से कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया है. भागलपुर के झौवाकोठी में एक विशालकाय पेड़ राजाराम सिंह के घर पर गिर जाने से करीब दस घंटा तक पति-पत्नी दोनों घर पर ही फंसे रहे. जैसे ही इसकी सूचना स्थानीय लोगों को मिली लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी. जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. लेकिन घर में फंसे लोगों तक यह टीम नहीं पहुंच पाई. स्थानीय लोगों ने खुद खिड़की तोड़कर घर में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला. जहां बाहर निकलते ही दंपत्ति ने राहत की सांस ली.

कई सड़क मार्ग बाधित, देर रात से ब्लैक आउट की स्थिति
भागलपुर में देर रात को आए भीषण तूफान ने भारी तबाही मचा दी है. वहीं तूफान ने लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज आंधी-तूफान से भारी तबाही का मंजर बन गया. कई इलाकों में गिरे विशाल पेड़ों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जहां इस भीषण तूफान में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. आंधी तूफान से बिजली के खंभे टूटने से कई इलाकों में देर रात से ही ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है.
वहीं इस आंधी तूफान से बड़ी खंजरपुर भागलपुर स्थित झोपड़पट्टी में रह रहे नकुल यादव के घर पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से नकुल यादव की मौत हो गई. जबकि उनकी दो बच्चियां गंभीर रूप से जख्मी हालत में हैं, जिनका मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस तरह से भागलपुर में तेज आंधी ने जहां लोगों का आम जन जीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है. वहीं भागलपुर गोड़हट्टा चौक, भागलपुर-अमरपुर सरदारपुर, हबीबपुर एवं दरियापुर सहित कई मुख्य सड़क मार्ग पर पेड़ गिर जाने से आवागमन पुरी तरह से ठप्प हो गया है.
जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने कहा कि कल रात आए तूफान का सेंटर प्वाइंट बरारी था, जिससे सैकड़ों पेड़ ओर बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए.
(भागलपुर से अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खगड़िया में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 50 हजार का इनामी मो. बुद्दीन ‘हाफ एनकाउंटर’ में घायल

रोहतास में दो बाइक की आपस में जोरदार टक्कर, 1 युवक की मौत, 2 घायल







