गोली मारी और नदी में बहा दिया..., हजारीबाग में 18 साल के संदीप मर्डर केस का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार!
हजारीबाग के केरेडारी में 18 वर्षीय संदीप ठाकुर के लापता होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस संदीप की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Hazaribagh: हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोले गांव निवासी 18 वर्षीय संदीप ठाकुर उर्फ पपुन के लापता होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों की ओर से 29 अगस्त को थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर कोले गांव के ही सन्नी गंझू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी सन्नी गंझू ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए स्वीकार किया कि आपसी रंजिश के चलते उसने 25 अगस्त को ही संदीप को गोली मार दी थी और साक्ष्य छिपाने के इरादे से उसके शव को दामोदर नदी में बहा दिया था।
सर्च ऑपरेशन में सिटमटांड़ जंगल से मिला शव, परिजनों ने पपुन होने से नकारा
आरोपी के कबूलनामे के बाद केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम दामोदर नदी और आसपास के बीहड़ इलाकों में शव की खोजबीन में जुट गई। नदी किनारे जंगलों की खाक छानते हुए पुलिस ने सिटमटांड़ जंगल के पास से एक सड़ा-गला अज्ञात शव बरामद किया। इसके तुरंत बाद परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त कराई गई, लेकिन परिजनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह शव संदीप ठाकुर उर्फ पपुन का नहीं है। परिजनों के इनकार के बाद मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस ने आसपास के सभी थानों को अज्ञात शव की तस्वीरें और जानकारी भेजकर शिनाख्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने पेश की मिसाल: 3.5 किमी कंधे पर ढोया अज्ञात शव
दुर्गम जंगली इलाका और रास्ता न होने के कारण शव को मुख्य मार्ग तक लाना पुलिस टीम के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अज्ञात शव को अपने कंधे पर उठाया और नदी-जंगलों के रास्ते करीब साढ़े तीन किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक लाए। इसके बाद शव को पुलिस वाहन से पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए शव को शीतगृह (Cold Storage) में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
आरोपी भेजा गया जेल, संदीप की तलाश और पूरे सिंडिकेट की जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सन्नी गंझू को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी के बयानों की कड़ियों को जोड़ते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। वहीं दूसरी तरफ, दामोदर नदी में संदीप ठाकुर उर्फ पपुन की तलाश के लिए गोताखोरों और पुलिस टीमों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बंदूकें खामोश हुईं पर स्कूलों की छतें जर्जर, नक्सलमुक्त होकर भी विकास को तरस रहा पश्चिमी सिंहभूम का बोयपाईसन गांव!

बच्चों के हाथ में हो किताब, नशे से रहें दूर!, बिरहोर परिवारों के बीच पहुंची हजारीबाग पुलिस की पाठशाला, बच्चों की शिक्षा पर दिया जोर







