चतरा में बवाल, भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव, थाना प्रभारी घायल, SP ने...
चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में पुलिस टीम पर पथराव हुआ। हमले में थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा घायल हो गए। पुलिस ने गांव में बल तैनात कर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

Police Attack ;चतरा जिले के टंडवा थाना इलाके से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। सिदपा गांव में हालात संभालने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने पुलिस वालों को निशाना बनाते हुए जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। इस अचानक हुए हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कमरे में बंद था जोड़ा और छत तोड़कर भगाने की साजिश
मिली जानकारी के मुताबिक, पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब गांव वालों ने एक आदिवासी महिला और एक युवक को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। ग्रामीणों ने गुस्से में आकर दोनों को एक एस्बेस्टस की छत वाले मकान में बंद कर दिया और पहरा लगा दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, कुछ ही देर बाद युवक के कुछ साथी मौके पर पहुंच गए और घर की छत तोड़कर उसे वहां से भगाने की कोशिश करने लगे। इसी बात को लेकर मौके पर भारी तनाव फैल गया।
पुलिस के पहुंचते ही शुरू हो गई पत्थरबाजी

गांव में हंगामे और तोड़फोड़ की खबर मिलते ही थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा दल-बल के साथ हालात पर काबू पाने पहुंचे। पुलिस अभी लोगों को शांत कराने और कमरे में बंद लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर ही रही थी कि उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर ही धावा बोल दिया। चारों तरफ से पुलिस पर पत्थरों की बरसात शुरू हो गई। इस हमले में थाना प्रभारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उन्हें फौरन एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
हवाई फायरिंग की चर्चा और एसपी का बयान
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भीड़ के उग्र रूप को देखते हुए और अपनी जान बचाने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां भी चलानी पड़ीं। हालांकि गोली चलने की बात पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने थाना प्रभारी के घायल होने की पुष्टि की है। हवाई फायरिंग के सवाल पर एसपी ने साफ कहा कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अपराधियों पर बोकारो पुलिस का शिकंजा!, अगस्त में 439 केस सुलझे, 32 दोषियों को कोर्ट ने सुनाई सजा

झारखंड में तेजी से बदलेगा मौसम का मिजाज, 40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं ; कई जिलों में चेतावनी जारी







