पाकुड़ में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में डकैती, रेनकोट पहनकर आए 3 नकाबपोश, पिस्तौल की नोक पर लाखों के गहने लूटकर हुए फरार
पाकुड़ के अमड़ापाड़ा बाजार में तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर ज्वेलर्स दुकान से लाखों के गहने लूट लिए। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने SIT गठित की है।

Jewellers Robbery : झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस दुस्साहसिक लूट के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय दुकानदारों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है।
बारिश के बीच आए 3 नकाबपोश बदमाश, तिजोरी से साफ किए गहने
जानकारी के मुताबिक, अमड़ापाड़ा मेन मार्केट स्थित 'किशुन वर्मा ज्वेलर्स' में बारिश के दौरान एक बाइक पर सवार होकर 3 अपराधी पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए तीनों ने रेनकोट और हेलमेट पहन रखा था। दुकान में दाखिल होते ही बदमाशों ने पिस्तौल तानकर दुकानदार को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने तिजोरी और काउंटर में रखे लाखों के जेवर चंद मिनटों में समेट लिए। भागते समय लोगों को डराने के लिए बदमाशों ने 3 राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे बाजार में भगदड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर लुटेरे महेशपुर की तरफ भाग निकले।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, SP खुद पहुंचे मौके पर
लूट की यह पूरी घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में साफ कैद हो गई है, जिसमें बदमाश बेखौफ होकर हथियारों के बल पर लूटपाट करते दिख रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही पाकुड़ के एसपी अनुदीप सिंह खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान का जायजा लिया।
अपराधियों को पकड़ने के लिए SIT गठित
एसपी ने पीड़ित व्यापारी से बात करके पूरे मामले की जानकारी ली और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस कप्तान ने कहा कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। लुटेरों की गिरफ्तारी और जेवरातों की रिकवरी के लिए एक विशेष टीम (SIT) बना दी गई है और इलाके में नाकेबंदी करके सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नहीं मिली राहत, अब चलेगा मुकदमा!, टेंडर घोटाले के आरोपी इंजीनियर अशोक गुप्ता पर कोर्ट कसेगा कानूनी शिकंजा

11 गोलियां, 15 लाख की सुपारी, जमशेदपुर में निखार सबलोक मर्डर में सफेदपोशों का हाथ चांडिल पुलिस के हत्थे चढ़े 6 अपराधी







