सड़क परियोजनाओं की समीक्षा: सांसद विष्णु दयाल राम ने एक सप्ताह में रेड़मा-चियांकी के गड्ढे भरने का दिया निर्देश
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, NHAI के परियोजना निदेशक, विभिन्न विभागों के अभियंता और संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी मौजूद रहे।

Palamu... News । पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले की विभिन्न सड़क परियोजनाओं और निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा भूमि अधिग्रहण समेत अन्य समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली गई। बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, NHAI के परियोजना निदेशक, विभिन्न विभागों के अभियंता और संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान सांसद ने पोलपोल बाईपास, मेदिनीनगर बाईपास और छतरपुर बाईपास समेत जिले की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को गंभीरता से लेते हुए उनकी तत्काल मरम्मत कराने पर जोर दिया। रेड़मा-चियांकी सड़क को लेकर सख्त निर्देश सांसद विष्णु दयाल राम ने रेड़मा से चियांकी तक सड़क पर बने गड्ढों को एक सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में सड़क की स्थिति खराब होने से लोगों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सड़कें आम और खास सभी लोगों के आवागमन का माध्यम हैं, इसलिए उनकी स्थिति बेहतर रखना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। पड़वा री-एलाइनमेंट में भूमि अधिग्रहण की समस्या पर चर्चा बैठक में पड़वा री-एलाइनमेंट से संबंधित भूमि अधिग्रहण और विस्थापन की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लाभुकों को मुआवजे का भुगतान किए जाने के बावजूद उन्होंने अब तक अपने घर खाली नहीं किए हैं। इस पर सांसद ने NHAI के अधिकारियों को संबंधित लोगों से बातचीत कर आपसी समन्वय के माध्यम से समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया, ताकि सड़क परियोजना के कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति की अड़चनें दूर करने पर जोर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण, वन स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराया जाए। सांसद विष्णु दयाल राम ने निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने तथा कार्यों में आ रही बाधाओं को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर दूर करने पर जोर दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






