जमशेदपुर पुलिस ने सिकंदर मर्डर केस में चार को किया गिरफ्तार, प्रेम संबंध...
पूर्वी सिंहभूम के कोवाली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सिकंदर हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर सुलझा लिया है।
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम के कोवाली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सिकंदर हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के पीछे प्रेम संबंध का विवाद मुख्य वजह बनकर सामने आया है। इस पूरे मामले में मृतक सिकंदर की प्रेमिका फिलहाल फरार चल रही है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एक सितंबर को ओडिशा सीमा के जंगल में मिला था शव
घटना की शुरुआत एक सितंबर को हुई थी, जब झारखंड और ओडिशा सीमा पर स्थित बानाकाटा जंगल से एक अज्ञात युवक का शव पुलिस ने बरामद किया था। शिनाख्त होने के बाद मृतक के भाई जितेंद्र शर्मा के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने कड़ियां जोड़ते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।
1.80 लाख रुपये में दी गई थी हत्या की सुपारी
पुलिस जांच में जो सच सामने आया वह बेहद चौंकाने वाला है। पकड़े गए आरोपियों में मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परशुराम दास शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी मिंटू साव ने सिकंदर को रास्ते से हटाने के लिए सुंदर दास को एक लाख अस्सी हजार रुपये की सुपारी दी थी। सौदे के तहत पचास हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। इसके बाद सुंदर दास ने अपने साथ आकाश दास और परशुराम दास को इस साजिश में शामिल कर लिया।
जंगल ले जाकर स्टील पाइप से किया था हमला
साजिश के तहत आरोपी 31 अगस्त की रात सिकंदर को बहला-फुसलाकर बानाकाटा के घने जंगल में ले गए। वहां सुनसान जगह देखकर आरोपियों ने सिकंदर पर स्टील पाइप से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की कार, दो स्टील पाइप, बीस हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार महिला आरोपी को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






