रांची DC मंजूनाथ भजंत्री ने रद्द किया तरंगिनी लिकर्स का लाइसेंस
रांची DC मंजूनाथ भजंत्री ने ओरमांझी के उकरीद स्थित तरंगिनी लिकर्स बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस रद्द कर दिया। सील टूटने के बाद शराब की पेटियां, दस्तावेज और साक्ष्य गायब मिले थे।

Ranchi News : रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत उकरीद गांव में स्थित तरंगिनी लिकर्स प्राइवेट लिमिटेड के बॉटलिंग प्लांट का लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिया है। प्रशासन द्वारा सील किए गए प्लांट के भीतर से शराब की पेटियां, महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य रहस्यमय तरीके से गायब पाए जाने के बाद यह सख्त कार्रवाई की गई है। सरकारी सील तोड़कर अंदर रखे साक्ष्यों से छेड़छाड़ किए जाने की पुष्टि होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और DC ने कड़ा फैसला लेते हुए लाइसेंस निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
1 जुलाई को छापेमारी में हुआ था अवैध शराब और गैर-पंजीकृत स्टॉक का भंडाफोड़
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, बीते 1 जुलाई को उत्पाद विभाग और ओरमांझी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त प्लांट पर औचक छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान प्लांट परिसर में कथित तौर पर अवैध रूप से शराब तैयार करने और बिना पंजीकृत भारी स्टॉक छिपाकर रखने का गंभीर खुलासा हुआ था। उस समय उत्पाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे बॉटलिंग प्लांट को विधिवत सील कर दिया था तथा पूर्व MLC सुबोध कुमार राय, देवेंद्र भगत और रविकांत राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसमें प्लांट संचालक सुबोध कुमार वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।
सत्यापन के लिए सील खोली तो टूटा मिला ताला, शराब की पेटियां और फाइलें नदारद
नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत सील किए गए प्लांट में बंद पड़े स्टॉक, शराब की पेटियों और आवश्यक रजिस्टरों का सत्यापन दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) की निगरानी में किया जाना था। घटना के करीब डेढ़ महीने बाद 17 अगस्त को जब प्रशासनिक टीम सत्यापन के लिए सील खोलने पहुंची, तो प्लांट के पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। जब टीम अंदर दाखिल हुई तो पाया गया कि वहां पूर्व में सील की गई शराब की पेटियां, जरूरी कागजात और अन्य अहम साक्ष्य पूरी तरह गायब थे। सरकारी आदेशों की खुली अवहेलना और साक्ष्यों को खुर्द-बुर्द करने की पुष्टि के बाद DC मंजूनाथ भजंत्री ने प्लांट का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पूजा करने निकली थीं और पहुंच गईं तमिलनाडु!, हजारीबाग से लापता मां और दो बेटियां सकुशल बरामद

रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मारपीट मामले में 14 नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा, फुटेज खंगाल रही पुलिस







