रेल मंत्री का बड़ा ऐलान: UP को मिलेगी हाई-स्पीड कनेक्टिविटी, दिल्ली-लखनऊ बुलेट ट्रेन से बदलेगा सफर
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गिनाईं विकास योजनाएं, जेवर से लेकर बुलेट ट्रेन तक कई बड़े एलान

गौतम बुद्ध नगर के जेवर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश के लिए कई बड़े विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली-लखनऊ बुलेट ट्रेन परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह हाई स्पीड ट्रेन दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक जाएगी। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से लखनऊ का सफर करीब 2 घंटे 10 मिनट और जेवर से लखनऊ की दूरी लगभग 1 घंटा 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जेवर आने वाले समय में देश का बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण केंद्र बनेगा। उनका कहना था कि जिन इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का पहले बड़े पैमाने पर आयात किया जाता था, अब उनका निर्माण भारत में ही होगा। इससे निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेश के अनुकूल माहौल की वजह से बड़ी कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं।
इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी उत्तर प्रदेश की नई औद्योगिक नीति और तेज कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि जेवर में बनने वाला यह प्लांट राज्य को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

लोनी में डिप्टी सीएम केशव मौर्य का कार्यक्रम, कल अहिल्याबाई होल्कर द्वार की रखेंगे आधारशिला

राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा घटनाक्रम, चंपत राय और अनिल मिश्रा ने सौंपा इस्तीफा







