पलामू में हर शनिवार लगेगा जन समाधान दिवस, चैनपुर से उपायुक्त ने किया शुभारंभ
आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर पलामू प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है।

Medininagar Palamu आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पलामू जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। अब जिले के सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में प्रत्येक शनिवार जन समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस व्यवस्था का शुभारंभ शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चैनपुर प्रखंड कार्यालय से किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जन समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी मामलों से जुड़ी प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि अब तक प्रत्येक बुधवार को समाहरणालय में जन समाधान दिवस आयोजित किया जाता था, जिसमें जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते थे। कई ग्रामीणों को 50 से 90 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती थी। इसी कठिनाई को देखते हुए प्रशासन ने जन समाधान दिवस को प्रखंड और अंचल स्तर तक विस्तार देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार प्राप्त होने वाले आवेदनों की समीक्षा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी द्वारा नियमित रूप से की जाएगी। साथ ही प्रत्येक गुरुवार को लंबित मामलों एवं उन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जन समाधान दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस नई पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब जिला मुख्यालय तक बार-बार नहीं आना पड़ेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मलय डैम के चैनल संख्या-18 की स्थायी मरम्मत की मांग को लेकर किसानों ने उपायुक्त से लगाई गुहार

पलामू में प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप की शुरुआत, उपायुक्त ने किया उद्घाटन







