उत्पाद सिपाही परीक्षा में पेपर नहीं हुआ लीक, रड़गांव के बिल्डिंग में चल रही थी चोरी की पाठशाला
तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव से पुलिस ने 164 लोगों को हिरासत में लिया था। उत्पाद सिपाही परीक्षा में फर्जीवाड़े की कोशिश का हुआ भांडा फोड़। JSSC ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक होने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले । सॉल्वर गैंग के बड़े साजिश को पुलिस ने किया नाकाम ।
झारखंड में आयोजित उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान शनिवार देर रात रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 160 लोगों को हिरासत में लिया। यह सभी अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए विभिन्न जिलों के साथ-साथ बिहार से भी आए थे। पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद तमाड़ के रड़गांव स्थित एक निर्माणाधीन भवन में छापेमारी की गई, जहां से 159 अभ्यर्थियों और 5 कथित मास्टरमाइंड को पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, जिस भवन में यह कार्रवाई हुई वह एक नर्सिंग कॉलेज के लिए निर्माणाधीन है। पुलिस को आशंका थी कि यहां परीक्षा में धांधली की बड़ी साजिश रची जा रही है। मौके से कई वाहन भी बरामद किए गए, जिनमें से कई पर बिहार के नंबर प्लेट लगे थे। कुछ वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि कई अब भी घटनास्थल के बाहर खड़े हैं। जब टीम ने भवन के अंदर जाकर जांच की, तो वहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। इनमें अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, आधार कार्ड की प्रतियां और कुछ जले हुए कागजात शामिल थे। कुछ कागजों पर नाम, रोल नंबर और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी भी लिखी हुई पाई गई। इसके अलावा, बड़ी मात्रा में खाने-पीने का सामान भी मिला, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वहां रात भर कई लोग ठहरे हुए थे। हालांकि इस पूरे मामले पर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के अध्यक्ष और रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का कोई पेपर लीक नहीं हुआ था। बावजूद इसके, प्रारंभिक जांच में “सॉल्वर गैंग” नामक गिरोह की संलिप्तता सामने आई है, जो परीक्षाओं में धांधली कराने के लिए कुख्यात माना जाता है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भले ही इस बार पेपर लीक की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन इस तरह की साजिश की कोशिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब जरूरत है कि ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ कड़े कानून बनाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी जहरीली शराबकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, UP से जहर भेजने वाला सप्लायर अरेस्ट

कड़ी सुरक्षा के बीच आज हो रही है JSSC की उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा







