Bihar (Nalanda): भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 मार्च 2026 को एक दिवसीय दौरे पर राजगीर और नालंदा पहुंचेंगी. अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. इस अवसर पर राष्ट्रपति नालंदा विश्वविद्यालय में 2000 सीटों वाले नए सभागार का उद्घाटन भी करेंगी.
इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे. राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला नालंदा दौरा होगा, जिसे लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.
राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक नालंदा खंडहर का भी भ्रमण करेंगी और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास से रूबरू होंगी. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे नालंदा और राजगीर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रमुख सड़कों को बैरिकेड कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है.
वहीं, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा ऐतिहासिक होगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पहली बार नालंदा की पवित्र धरती पर आ रही हैं और यहां के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानेंगी. मंत्री ने राष्ट्रपति की यात्रा को सुखद और मंगलमय होने की कामना की है.
रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार









