बिहार में विक्रमशिला पुल के टूटने से भारी परेशानी में लोग, नाव के सहारे हो रही दुल्हनों की विदाई
बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला पुल के टूटने के बाद नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन भी नाव के सहारे गंगा नदी पार करने को विवश हैं.

Bhagalpur, Bihar: भागलपुर जिले में बीते दिनों विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा बीच से टूटकर गंगा नदी में समा गया था. जिस कारण लोगों को आवाजाही में असुविधा तो उठानी पड़ ही रही है. साथ ही शादी-विवाह से जुड़े बारातियों को भी घोर दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.
नवविवाहित जोड़ों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है. भुग्तभोगी जनता का गुस्सा सरकार पर पुरजोर बरसता नजर आ रहा है. लोगों का कहना है कि कार या बस से आने जाने जैसी स्थिति तो सरकार के भ्रष्टाचार के कारण बची नहीं है. लिहाजा, अब गंगा नदी और नाव ही बस सहारा बची है, जिससे नवविवाहित जोड़े अपने नए जीवन की शुरूआत करें.
विक्रमशिला पुल के करीब ऐसे नजारे भी देखने को मिल रहे हैं- जहां दूल्हा एक हाथ में दुल्हन की विदाई का सामान संभाले हुए है, तो दूसरे हाथ से अपनी नई-नवेली दुल्हन का हाथ पकड़कर उसे नाव चढ़ा रहा है.
लोगों का कहना है कि मजदूरों और रोजमर्रा के यात्रियों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा जब कोई शादी समारोह इत्यादि जैसे विशेष आयोजनों के लिए कहीं जा रहा है, तो उसकी दिक्कत का शायद सरकारी नुमाइंदे अंदाजा भी नहीं लगा पा रहे.
इन मुश्किलों के बावजूद लोग किसी प्रकार गंगा नदी पार कर रहे हैं और परंपराओं को भी निभाने की कोशिश कर ही रहे हैं. देखना होगा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त इस पुल के गिरने के कितने दिनों बाद सरकार की नींद खुलती है और कब तक लोग इन परेशानियों का सामना करने को मजबूर रहते हैं.
(भागलपुर से अतीश दीपांकर की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







