भागलपुर में नगर निगम की हड़ताल से हाहाकार! पानी, सफाई सब ठप, कर्मचारी बोले- 'मांगें पूरी नहीं तो काम नहीं'
Bhagalpur News: तीन सूत्री मांगों को लेकर भागलपुर नगर निगम के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के कारण जलापूर्ति, साफ-सफाई और कचरा संग्रहण जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।


भागलपुर: बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर भागलपुर नगर निगम के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल की शुरुआत तीन प्रमुख मांगों के साथ हुई थी, और अब इसका असर शहर की बुनियादी सेवाओं पर साफ नजर आ रहा है। जलापूर्ति, सफाई, कचरा संग्रहण जैसी कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं, जिससे आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यालय का गेट बंद, कर्मचारी की बिगड़ी तबीयत
हड़ताल के पहले दिन नगर निगम कार्यालय का मुख्य गेट बंद पाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि गार्ड ने नगर आयुक्त के आदेश का हवाला देते हुए गेट को बंद रखा। इस पर कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई। इसी बीच, धरने पर बैठे एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर गिर पड़ा। उसके साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद, कर्मचारियों ने संबंधित गार्ड को हटाने की मांग की और उसके खिलाफ न्यायालय जाने की चेतावनी भी दी।
नियमितीकरण समेत तीन प्रमुख मांगों पर अड़े कर्मचारी
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से काम कर रहे दैनिक वेतनभोगी, संविदा और अन्य अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण, विरोध में जारी संकल्प आदेश को वापस लेने और अन्य लंबित मांगों को लेकर कई बार सरकार और प्रशासन से बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। कर्मचारियों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस बीच, हड़ताल के चलते शहर में जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
(भागलपुर से अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'तलाक दो या साथ चलो!' पत्नी के फैसले का इंतजार करते-करते मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक

कोसी का मगरमच्छ पहुंचा धान के खेत तक! ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा







