जन समाधान दिवस में ऑन-द-स्पॉट समाधान: मंईयां सम्मान योजना की दो लाभुकों की समस्या का तत्काल हुआ निराकरण
पलामू समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस एक बार फिर आम लोगों के लिए राहत का मंच साबित हुआ।

Medaninagar Palamu पलामू समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस एक बार फिर आम लोगों के लिए राहत का मंच साबित हुआ। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं। जन शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिससे अनेक समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया गया।
जन समाधान दिवस के दौरान मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी दो महिलाओं की लंबे समय से लंबित भुगतान संबंधी शिकायतों का भी ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया गया। लेस्लीगंज निवासी साधना कुमारी ने उपायुक्त को बताया कि योजना की राशि कई महीनों से उनके बैंक खाते में नहीं पहुंच रही है। वहीं नौडीहा निवासी शर्मिला कुमारी ने भी शिकायत दर्ज कराई कि योजना का लाभ स्वीकृत होने के बावजूद उन्हें अब तक राशि प्राप्त नहीं हो रही है। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विभागीय जांच में सामने आया कि साधना कुमारी के बैंक खाते में डुप्लीकेट एंट्री होने के कारण भुगतान प्रक्रिया बाधित थी। वहीं शर्मिला कुमारी के मामले में संयुक्त बैंक खाते की प्रविष्टि होने के कारण योजना की राशि जारी नहीं हो पा रही थी। उपायुक्त के निर्देश के बाद सामाजिक सुरक्षा कार्यालय की टीम ने जन समाधान दिवस के दौरान ही दोनों मामलों की तकनीकी त्रुटियों को दूर कर दिया। आवश्यक सुधार किए जाने के बाद दोनों लाभुकों को आश्वस्त किया गया कि अगले माह से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि नियमित रूप से उनके बैंक खातों में जमा होने लगेगी। मौके पर ही समस्या का समाधान होने पर दोनों महिलाओं ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति तथा अन्य विभागों से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उपायुक्त ने कहा कि जन समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। जन समाधान दिवस के सफल आयोजन से एक बार फिर यह संदेश गया कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बनाने के उपकरण और स्टीकर बरामद

बकाया भुगतान और मानदेय बहाली की मांग को लेकर AI वर्कर्स का प्रदर्शन, DAHO कार्यालय के बाहर धरना







