जन समाधान दिवस में पेंशन मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान, भूमि विवादों के त्वरित निपटारे के निर्देश
समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस का आयोजन किया

Medinagar Palamu : पलामू समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने पेंशन, भूमि विवाद, राजस्व, आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा सहित कई विभागों से जुड़ी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। जन समाधान दिवस के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। आधार सीडिंग, बैंक खाते और तकनीकी त्रुटियों से संबंधित शिकायतों का तत्काल सत्यापन कर सुधार किया गया, जिससे कई लाभुकों की पेंशन भुगतान प्रक्रिया फिर से सुचारू हो सकी। भूमि विवाद और राजस्व मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम लोगों को समय पर न्याय मिलना चाहिए। इसके अलावा पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति और अन्य विभागों से जुड़े आवेदनों पर भी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









