अब बोर्ड परीक्षा में चमकेंगे सरकारी स्कूलों के छात्र, जामताड़ा में शुरू हुआ 'प्रोजेक्ट प्रज्ञान', एक्सपर्ट्स लेंगे क्लास
जामताड़ा जिले के हाई स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पाटने और बच्चों को विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों से बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।


Jamtara: जामताड़ा जिले के हाई स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पाटने और बच्चों को विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों से बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार ने 'प्रोजेक्ट प्रज्ञान' की विधिवत शुरुआत की। इस महत्वाकांक्षी पहल के जरिए अब हाई स्कूलों के छात्र-छात्राओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक की मदद से विषयवार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
सिर्फ ऑनलाइन क्लास नहीं, हर बच्चे तक पहुंचेगी समान शिक्षा: डीसी
समारोह को संबोधित करते हुए डीसी आलोक कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रज्ञान का मकसद सिर्फ औपचारिकता के तौर पर ऑनलाइन क्लास चलाना नहीं है, बल्कि जिले के सुदूरवर्ती इलाकों के अंतिम बच्चे तक समान और बेहतरीन शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अक्सर कई स्कूलों में किसी खास विषय के शिक्षक नहीं होते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। अब डिजिटल माध्यम से बेस्ट टीचर्स की क्लास सीधे हर स्कूल तक पहुंचेगी, जिससे छात्रों की बुनियादी समझ मजबूत होगी और आगामी बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में जबर्दस्त सुधार देखने को मिलेगा।
जागरूकता रथ रवाना, शिक्षा विभाग के आला अधिकारी रहे मौजूद
योजना को धरातल पर सफल बनाने और गांव-गांव तक छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को जागरूक करने के लिए उपायुक्त ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति समेत शिक्षा विभाग के कई प्रमुख अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने माना कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से जामताड़ा के शैक्षणिक स्तर में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









