NGT की रोक की उड़ाई धज्जियां!, लातेहार में औरंगा नदी पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई, 8 बालू लदे ट्रैक्टर जब्त
लातेहार में NGT की रोक के बावजूद औरंगा नदी से अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई में आठ बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए। प्रशासन ने अवैध खनन और बालू तस्करी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

Latehar: लातेहार जिले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की सख्त रोक के बावजूद नदियों से अवैध बालू उठाव का गोरखधंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार तड़के जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औरंगा नदी पर छापेमारी कर अवैध खनन के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। नवोदय विद्यालय जाने वाले रास्ते के पास नदी घाट पर अचानक की गई इस कार्रवाई से बालू लदे आठ ट्रैक्टरों को रंगे हाथों जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के अवैध बालू कारोबारियों और माफियाओं में भारी हड़कंप मच गया है।

तड़के हुई औचक छापेमारी, जब्त कर थाने लाए गए 8 ट्रैक्टर
यह पूरी कार्रवाई अंचलाधिकारी (CO) नंदकुमार राम के नेतृत्व में गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। प्रशासन को लगातार जानकारी मिल रही थी कि NGT के प्रतिबंध के बाद भी नवोदय विद्यालय मार्ग पर औरंगा नदी से बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की और बालू लोड कर रहे आठ ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया। सभी जब्त वाहनों को तत्काल पुलिस सुरक्षा में स्थानीय थाने भेज दिया गया है।
CO और थाना प्रभारी के नेतृत्व में चली कार्रवाई, माफिया पर शिकंजा
अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान में CO नंदकुमार राम के साथ लातेहार थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, ASI छत्रपाल, अंचल कार्यालय के कर्मी और भारी संख्या में पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि NGT के नियमों का उल्लंघन करने वालों और प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले बालू तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब जब्त ट्रैक्टरों के मालिकों और चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

हजारीबाग में बेकाबू स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत

मंच पर बेटियों ने दिखाया महिला सशक्तिकरण का दम!, गिरिडीह के सलूजा गोल्ड स्कूल में देशभक्ति का अनूठा संगम







