बिहार में विकास का नया ब्लूप्रिंट! गया IMC से बोधगया कॉरिडोर तक CM ने तय की डेडलाइन
बिहार में औद्योगिक और पर्यटन परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने NICDIT की बैठक में कई अहम योजनाओं की समीक्षा की। गया IMC के लिए एक सप्ताह में भूमि रिपोर्ट और 2027 से पहले सड़क-पानी की सुविधाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।


पटना: बिहार में बड़े प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की औद्योगिक, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। वह नई दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित NICDIT की शीर्ष मॉनिटरिंग अथॉरिटी की तीसरी बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की।
बैठक में बिहार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई, लेकिन सबसे ज्यादा फोकस गया के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) और क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने पर रहा।
गया IMC को लेकर सरकार ने तय की टाइमलाइन
मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC गया परियोजना के लिए भूमि से जुड़ी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके साथ ही परियोजना क्षेत्र में सड़क और जलापूर्ति से जुड़े जरूरी कामों को 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की कोशिश है कि औद्योगिक गतिविधियों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहले से तैयार रहें, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाने में किसी तरह की अड़चन न आए।
सोन नदी से जुड़ेगा फल्गू, पानी की समस्या दूर करने की तैयारी
गया में जलापूर्ति को लेकर भी एक बड़ी योजना पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सोन नदी को फल्गू नदी से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रस्तावित योजना में करीब 9 किलोमीटर पाइपलाइन और लगभग 22 किलोमीटर नहर के जरिए दोनों नदियों को जोड़ने की बात कही गई है। सरकार को उम्मीद है कि परियोजना पूरी होने के बाद गया क्षेत्र में पानी की उपलब्धता को लेकर परेशानी कम होगी।
बैठक में ‘भव्या’ योजना के तहत दरभंगा और मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं और बताया कि इन्हें एक महीने के भीतर आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार औद्योगिक परियोजनाओं के साथ-साथ बिहार के धार्मिक और बौद्ध पर्यटन को भी विकसित करने पर जोर दे रही है।
विष्णुपद मंदिर और बोधगया कॉरिडोर को भी मिलेगी रफ्तार
गया के विष्णुपद मंदिर और बोधगया कॉरिडोर से जुड़े काम भी सरकार की प्राथमिकता में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित विभागों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इन परियोजनाओं के जरिए गया और बोधगया में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर करने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, जलापूर्ति और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने का सीधा मकसद बिहार में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। बैठक में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आने वाले महीनों में इन परियोजनाओं पर काम कितनी तेजी से जमीन पर उतरता है, इस पर अब सबकी नजर रहेगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









