Nalanda: 20 वर्षों से कूड़े का अंबार, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से परेशान ग्रामीण
नालंदा के रहुई प्रखंड स्थित मोरा तालाब पंचायत में 20 वर्षों से कूड़े का ढेर लगा है. बदबू और बीमारी के खतरे से ग्रामीण परेशान हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कोई कार्रवाई नहीं हुई.

Bihar (Nalanda): नालंदा जिला के रहुई प्रखंड अंतर्गत मोरा तालाब पंचायत के वार्ड नंबर 5 में सड़क किनारे ट्रांसफार्मर के पास कूड़े का ढेर लगा हुआ है, लेकिन इस ओर न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान है और न ही प्रशासन की कोई कार्रवाई नजर आ रही है.
स्थानीय ग्रामीण जालंधर यादव और अन्य लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि करीब 20 वर्षों से यहां कूड़ा जमा हो रहा है. ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब यहां का सिस्टम ही गड़बड़ है, तो आम जनता क्या कर सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती.
ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के कारण इलाके में बदबू फैल रही है और बीमारी का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं. वहीं इस मामले को लेकर जब मुखिया रंजीत यादव से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल उठाना मुनासिब नहीं समझा.
इसके बाद जब वार्ड नंबर 5 के सदस्य नागेंद्र रविदास से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि 5 साल बीतने को है, लेकिन आज तक किसी भी योजना का टेंडर उन्हें नहीं दिया गया है. इसी मजबूरी के कारण वे गांव छोड़कर पटना में मजदूरी करने को मजबूर हैं.
उन्होंने कहा कि जब वे गांव लौटेंगे, तो इस मामले को अधिकारियों के समक्ष रखकर शिकायत करेंगे. ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज करते रहेंगे?
यह पूरा मामला अब जांच का विषय बनता जा रहा है और लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द इस पर कार्रवाई करेगा.
रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भागलपुर के अजगैविनाथ धाम में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की होगी शुरुआत, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने किया हवाई सर्वेक्षण

कटिहार में परीक्षा स्थगित होने से फूटा छात्रों का गुस्सा, सड़कों पर उतरे.. टायर जलाकर किया विरोध







