आधे घंटे की बारिश में डूबा मोतिहारी, धर्म समाज रोड पर जलजमाव; उसी वक़्त गुज़र रहे थे DM साहब
मोतिहारी में सोमवार को महज आधे घंटे की बारिश के बाद धर्म समाज रोड और जमला रोड समेत कई इलाकों में भारी जलजमाव हो गया।


मोतिहारी: मोतिहारी शहर में सोमवार को हुई महज आधे घंटे की बारिश ने एक बार फिर जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के बाद नगर निगम क्षेत्र के धर्म समाज रोड और जमला रोड स्थित एलआईसी कार्यालय के पास सड़क पर भारी जलजमाव हो गया। देखते ही देखते प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
धर्म समाज रोड शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल है और यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क पर पानी भरने के कारण पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश होते ही फिर जमा हो जाता है पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्म समाज रोड और आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या नई नहीं है। बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और इसके निकलने में काफी समय लगता है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है।
सोमवार को भी करीब आधे घंटे की बारिश के बाद सड़क पर काफी पानी जमा हो गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
जलजमाव देखकर डीएम ने बताई वजह
इसी रास्ते से एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने भी जलजमाव की स्थिति देखी। उन्होंने इसे गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि शहर में नाला निर्माण का काम कराया जा रहा है, लेकिन कुछ जगहों पर निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण जलनिकासी प्रभावित हो रही है। डीएम ने कहा कि जलजमाव वाले स्थानों से तत्काल पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर आयुक्त से भी बातचीत की गई है।
ठेकेदार को दी गई डेडलाइन, स्थायी समाधान का इंतजार
जिलाधिकारी के मुताबिक जिन इलाकों में नाला निर्माण का काम अधूरा है, वहां इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। निर्माण में देरी को लेकर संबंधित ठेकेदार को डेडलाइन भी दी गई है। हालांकि, हर बारिश में शहर की सड़कों पर जलजमाव की स्थिति सामने आने से स्थानीय लोगों के बीच स्थायी समाधान को लेकर सवाल बना हुआ है। लोगों की परेशानी सिर्फ पानी निकलने तक सीमित नहीं है, बल्कि जलनिकासी की ऐसी व्यवस्था की जरूरत है जिससे सामान्य बारिश के बाद भी प्रमुख सड़कों पर पानी जमा न हो।
अब सवाल यही है कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद मोतिहारी शहर को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत कब तक मिलती है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

स्वच्छ वायु दिवस पर NTPC कहलगांव में पौधारोपण; स्वच्छ-हरित भविष्य का लिया संकल्प

बिहार में दिल्ली जैसा प्रोटेस्ट! JP गोलंबर पर सड़क पर बैठे हजारों प्रदर्शनकारी; फ्रेजर रोड का रास्ता बंद







