मरीन ड्राइव में चलती बाइक पर किसिंग और स्टंट करने का चुकाना पड़ा हर्जाना! देखिए पुलिस ने क्या किया?
पटना मरीन ड्राइव पर चलती बाइक में किसिंग और खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो वायरल हुआ। ट्रैफिक पुलिस ने युवक-युवती के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पटना: पटना के जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें चलती बाइक पर सवार युवक और युवती एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आ रहे हैं। वीडियो में बाइक चला रहा युवक और पीछे बैठी युवती बिना हेलमेट दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और बाइक के मालिक सह चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पटना ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्रवाई की जानकारी साझा की है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और स्टंट करने का मामला सामने आया था। इसके बाद वायरल वीडियो की जांच कर वाहन की पहचान की गई।
वायरल वीडियो से बाइक और चालक की हुई पहचान
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक और युवती का खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए वीडियो पुलिस को मिला था। इसके बाद यातायात थाना गांधी मैदान में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी ने वायरल वीडियो की जांच की।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JU-7693 सामने आया। पुलिस के अनुसार, बाइक के मालिक-सह-चालक की पहचान दीपक कुमार, पिता जय प्रकाश कुमार, निवासी मोगलपुरा, छठा तल, पटना सिटी के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि युवक ने 5 सितंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कृष्णा घाट से दीघा गोलंबर की ओर जाने वाले जेपी गंगा पथ पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाई थी।
युवक और अज्ञात युवती के खिलाफ FIR
इस मामले में यातायात थाना गांधी मैदान में दीपक कुमार और बाइक पर सवार अज्ञात युवती के खिलाफ कांड संख्या 203/26 दर्ज की गई है। प्राथमिकी में धारा 281 BNS-2023 के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। वायरल वीडियो में दोनों के बीच नजदीकी भी दिखाई दे रही है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई का मुख्य आधार सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाना और स्टंट करना बताया गया है।
सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं
पटना ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों और खासकर युवाओं से सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि इस तरह की लापरवाही खुद के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान के लिए भी खतरनाक हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, शहर के प्रमुख मार्गों पर ICCC और सोशल मीडिया टीम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जेपी गंगा पथ राजधानी का प्रमुख मार्ग है, जहां बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं। ऐसे में चलती बाइक पर किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि, जिससे चालक का ध्यान सड़क से हटे, दुर्घटना का कारण बन सकती है। यही वजह है कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। अब मामले की जांच के दौरान यह भी स्पष्ट होगा कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर क्या कार्रवाई की जाती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

स्वच्छ वायु दिवस पर NTPC कहलगांव में पौधारोपण; स्वच्छ-हरित भविष्य का लिया संकल्प

आधे घंटे की बारिश में डूबा मोतिहारी, धर्म समाज रोड पर जलजमाव; उसी वक़्त गुज़र रहे थे DM साहब







