मोतिहारी के छात्र ने कैमरे में कैद की 400 KM दूर ISS की तस्वीर
टेलिस्कोप और मोबाइल कैमरे से दसवीं के छात्र मोहम्मद एहान ने रिकॉर्ड किया International Space Station. सीमित संसाधनों के बावजूद आसमान में उड़ती प्रयोगशाला को छात्र ने किया लाइव ट्रैक.

Motihari, Bihar: इस आधुनिक युग में जहां बड़े शहरों के बच्चों के पास आधुनिक लैब और महंगे संसाधन मौजूद हैं, वहीं छोटे शहरों के बच्चे अपनी जिज्ञासा, रिसर्च और जुनून के दम पर अलग पहचान बना रहे हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उनके सपने आसमान से भी बड़े होते हैं. मोतिहारी के एक छात्र ने भी यही साबित किया, जिसने अंतरिक्ष में 400 किलोमीटर ऊपर घूम रहे International Space Station (ISS) को ट्रैक कर उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए.
जब हम और आप इस दुनिया की भाग-दौड़ भरी ज़िंदगी में अपने कामों में व्यस्त रहते हैं, ठीक उसी वक्त हमारे सिर के ऊपर अंतरिक्ष में एक विशाल मानव निर्मित स्टेशन पृथ्वी का लगातार चक्कर लगाता रहता है. हमें इसका आभास तक नहीं होता, लेकिन उसमें मौजूद लोग हर दिन कई बार हमारे ऊपर से गुजरते हैं.
धरती से लगभग 400 किलोमीटर ऊपर स्थित “International Space Station (ISS)” विज्ञान की दुनिया का एक ऐसा अजूबा है, जो करीब 109 मीटर लंबा और 74 मीटर चौड़ा है. 4 लाख 20 हजार किलोग्राम वजनी एक फुटबॉल मैदान जितना यह अंतरिक्ष स्टेशन लगभग 7.8 किलोमीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से पृथ्वी की परिक्रमा करता है और इसमें इस समय सात अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं.
लेकिन बीती शाम जब ISS मोतिहारी के आसमान से गुज़र रहा था, तब शहर के एक दसवीं कक्षा के छात्र ने ऐसा काम कर दिखाया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. माउंट लिटेरा जी स्कूल के छात्र मेहम्मद एहान ने न सिर्फ ISS को पहचान कर उसे ट्रैक किया, बल्कि अपने टेलिस्कोप और मोबाइल कैमरे की मदद से उसका वीडियो और तस्वीरें भी कैद कर लीं.
तेज रफ्तार से आसमान में चमकती एक छोटी सी रोशनी को पहचानना ही आसान नहीं होता, लेकिन इस छात्र ने धैर्य, तकनीक और अंतरिक्ष के प्रति अपने जुनून की बदौलत उस पल को कैमरे में कैद कर लिया.
अंतरिक्ष में घूमती इस उड़ती हुई प्रयोगशाला की तस्वीरें अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं. यह सिर्फ एक वीडियो या फोटो नहीं, बल्कि यह दिखाता है कि छोटे शहरों के बच्चे भी बड़े सपने देखने और उन्हें सच करने का हौसला रखते हैं.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







