ईद-उल-फितर पर मोतिहारी में दिखी खुशियों की रौनक, अमन-चैन की मांगी गई दुआ
छतौनी मठिया जिरात स्थित ईदगाह में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने देश व कौम की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआएं मांगीं.

Motihari (Bihar): माह-ए-रमजान के खत्म होने की खुशी में आज ईद-उल-फितर पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है. पूर्वी चंपारण समेत उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. नमाज अता करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया.
मोतिहारी के छतौनी मठिया जिरात स्थित ईदगाह में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने देश व कौम की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआएं मांगीं. इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोग सेल्फी लेते हुए भी नजर आए. 
ईद के मौके पर मेल-मिलाप का दौर सुबह से ही शुरू हो गया. लोग अपने-अपने घरों में सेवइयां समेत विभिन्न व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं और रिश्तेदारों व मित्रों को ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं. 
वहीं, जनप्रतिनिधियों ने भी ईदगाह पहुंचकर लोगों को बधाई दी. मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गप्पू राय और जदयू नेता अमरेंद्र सिंह ने छतौनी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. मोतिहारी एसडीएम निशांत सेहरा और सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अधिकारियों ने बताया कि पूरे दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दानापुर में शॉट सर्किट से दुकानों में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलाकर राख, 5 दमकल गाड़ी से आग पर काबू

'सत्ता में बैठे लोग दारू-बालू में मदहोश...अपराधी पूरे राज्य में कर रहे तांडव', राज्य सरकार पर जमकर बरसे तेजस्वी







