मोतिहारी : जमीन के लालच में रिश्तों को किया तार-तार, 12 साल पुराने तेजाब कांड में आरोपी दोषी करार
महिला और दो मासूम बच्चों पर फेंका था तेजाब, 6 जुलाई को सुनाई जाएगी सजा

Motihari News : जमीन के लालच में एक भाई ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं. छोटे भाई पर दबाव बनाने के लिए उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चों पर तेजाब फेंकने के बहुचर्चित मामले में करीब 12 साल बाद अदालत ने आरोपियों को दोषी करार दे दिया है. अब इस जघन्य अपराध में 6 जुलाई को सजा सुनाई जाएगी.
बड़े भाई ने बनाया जमीन अपने नाम करने का दबाव
घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र की है. वर्ष 2008 में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे के बाद बड़े भाई ने कथित तौर पर छोटे भाई पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया. जब उसने इंकार किया तो सुनियोजित साजिश के तहत उसकी पत्नी पर तेजाब से हमला कर दिया गया. महिला की चीख सुनकर बचाने पहुंचे बीच वाले भाई की पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे भी तेजाब की चपेट में आ गए. हमले में तीनों गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनका लंबे समय तक इलाज चला.
सजा की तारीख 6 जुलाई
घटना के बाद घोड़ासहन थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई. मामले की सुनवाई वर्षों तक न्यायालय में चलती रही. गवाहों के बयान, साक्ष्य और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपियों को दोषी करार दिया है. सजा के बिंदु पर फैसला सुरक्षित रखते हुए 6 जुलाई की तारीख तय की गई है.
पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता मणिभूषण सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने बताया कि अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को दोषी माना है. अब पीड़ित परिवार समेत पूरे इलाके की नजरें 6 जुलाई पर टिकी हैं, जब इस जघन्य अपराध के दोषियों की सजा का ऐलान होगा.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सहरसा केंद्रीय विद्यालय की छात्रा से मारपीट का आरोप, प्राचार्या ने नहीं की कार्रवाई ! पिता ने सदर थाने में दिया आवेदन

भागलपुर में भीषण सड़क हादसा: न्यू फोरलेन पर दो ट्रकों के बीच भिड़ंत, एक चालक की मौके पर ही मौत







