आर-पार के मूड में विधायक जयराम महतो!, ईमानदारों को जोहार, भ्रष्टाचारियों पर सीधा प्रहार ; सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप
डुमरी विधायक जयराम महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस एसोसिएशन पर सीधा और करारा हमला बोला है।


Naxatra Desk: डुमरी विधायक जयराम महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस एसोसिएशन पर सीधा और करारा हमला बोला है। अपने खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले एसोसिएशन के पदाधिकारियों की पृष्ठभूमि पर कड़े सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया के सामने ऐसे लोगों को बैठाया जाना चाहिए जिनकी खुद की छवि साफ-सुथरी हो। उन्होंने साफ किया कि वे एक ऐसे जनप्रतिनिधि हैं जो जनता के मुद्दों पर अपनी विधायकी तक दांव पर लेकर चलते हैं, इसलिए उन्हें दबाया नहीं जा सकता।
'ईमानदारों को नमन, लेकिन भ्रष्टाचारियों से आर-पार की लड़ाई'
विधायक ने अपनी पोस्ट की शुरुआत में ही स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में जो भी कर्मचारी या अधिकारी ईमानदारी से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं-चाहे वे चपरासी हों, सिपाही हों, जमादार हों या बड़े अफसर-उन सभी को उनका दिल से नमस्कार और जोहार है। लेकिन जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनके खिलाफ लड़ाई किसी भी हाल में कमजोर नहीं पड़ेगी और आर-पार का मुकाबला जारी रहेगा।
अधिकारियों पर हत्या, जमीन हड़पने और ट्रेजरी घोटाले के सनसनीखेज आरोप
जयराम महतो ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों पर कई बेहद गंभीर और व्यक्तिगत आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बोकारो जिले में जिन अधिकारियों से प्रेस कॉन्फ्रेंस करवाई गई, उनमें से कइयों के बैंक खाते सीआईडी (CID) द्वारा ट्रेजरी घोटाले के सिलसिले में पहले ही फ्रीज किए जा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कुछ अधिकारियों पर अपने बेटे की शादी में महिला की हत्या करने, बालीडीह में आदिवासियों की जमीन हड़पने, एक रेलवे अधिकारी की पत्नी को जबरन अपने पास रखने और दो किलो मांस के विवाद में खून-खराबा करने जैसे संगीन आरोप मढ़े।
जमशेदपुर कांड, पॉक्सो, नार्को टेस्ट और लाइव आने की चेतावनी
विधायक ने जमशेदपुर से जुड़े एक संवेदनशील मामले की ओर इशारा करते हुए कहा कि यदि उस मामले का सच सामने आ गया, तो एसोसिएशन के पदाधिकारियों के पैरों तले से जमीन खिसक जाएगी। उन्होंने इस संदर्भ में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और नार्को टेस्ट का उल्लेख करते हुए एसोसिएशन को चुनौती दी कि वे जितनी चाहे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लें, वे खुद उनके खिलाफ सारे सबूत और डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। पोस्ट के अंत में उन्होंने अपने समर्थकों और जनता से कहा कि वे जल्द ही लाइव आकर या अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे मामले का खुलासा करेंगे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









