मुठभेड़ में शहीद STF जवान राम यादव को मोतिहारी में अंतिम सलामी, गम में डूबा चंपारण
अपराधियों से मुठभेड़ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के शहीद जवान को मोतिहारी पुलिस केंद्र लाया गया जहां उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी गई. मौके पर मौजूद लोगों ने जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी.

Motihari (Bihar): पुलिस मुठभेड़ में शहीद हुए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान राम कुमार यादव (31 वर्ष) का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद मोतिहारी पुलिस केंद्र पहुंचाया गया. यहां चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय, पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
पुलिस केंद्र में शहीद जवान को पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने सलामी देकर अपने वीर सिपाही को अंतिम विदाई दी. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया.
सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब शहीद जवान की मां और पत्नी ने रोते-रोते उन्हें सैल्यूट किया. परिजनों का करुण विलाप वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गया. पत्नी बार-बार यही कहती रही कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी.
बताया जाता है कि सोमवार रात करीब 10 बजे राम यादव अपनी पत्नी से यह कहकर निकले थे कि वे रेड पर जा रहे हैं. ड्यूटी के प्रति समर्पण और साहस का परिचय देते हुए वे अपराधियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए. शहीद जवान की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी और उनकी 6 साल की एक बेटी है, जो अब भी अपने पिता के लौटने का इंतजार कर रही है. यह दृश्य पूरे इलाके को झकझोर देने वाला है.
श्रद्धांजलि के बाद शहीद जवान के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह जिले के लिए रवाना कर दिया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा. शहीद राम यादव की वीरता और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रांची पुलिस का बड़ा एक्शन, अब नशेड़ियों की खैर नहीं

मायके जाने की जिद बनी मौत की वजह, पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या !







