रांची में पैंटालून के सामने बड़ा हादसा, पुरानी दुकान की मरम्मत के दौरान गिरा बीम, मजदूर की गई जान
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के डंगराटोली चौक में पुरानी दुकान की मरम्मत के दौरान जर्जर छत का बीम गिरने से 36 वर्षीय राजमिस्त्री रमेश महतो की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Ranchi: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डंगराटोली चौक के पास शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। डंगराटोली स्थित पैंटालून के ठीक सामने और होटल प्रताप रेसीडेंसी के बगल में एक पुरानी दुकान की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान दुकान की जर्जर छत का बीम अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। इस हादसे की चपेट में आने से काम कर रहे 36 वर्षीय राजमिस्त्री रमेश महतो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रमेश महतो पुरुलिया जिले के झालदा अंतर्गत बागबिंधा गांव का रहने वाला था।
मलबे में दबने से मौके पर ही तोड़ दिया दम
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को रमेश महतो दुकान के अंदर मरम्मत और निर्माण काम में लगा हुआ था। तभी अचानक जर्जर छत का भारी-भरकम बीम सीधे उसके सिर पर आ गिरा। जोरदार आवाज के साथ हुए इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की भनक लगते ही आसपास के लोग और स्थानीय दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह मलबा हटाकर रमेश को बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोट लगने की वजह से तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा गोविंद महतो ने बताया कि झालदा से हर दिन पांच लोग मजदूरी करने के लिए रांची आते थे, जिनमें रमेश भी शामिल था। रमेश अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों (एक बेटा और तीन बेटियां) को छोड़ गया है। इस हादसे से मासूमों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
जर्जर दुकान बनी हादसे की वजह, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दुकान का निर्माण काफी पुराना था और छत बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी थी। जर्जर ढांचे पर ध्यान दिए बिना काम कराए जाने की वजह से ही यह हादसा हुआ है। फिलहाल लालपुर थाना पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में पुलिस क्वार्टर का ताला तोड़कर उड़ाये थे पंखे और तार, रबाडा गैंग के दो चोर दबोचे गए

कोडरमा पहुंचे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, व्यवहार न्यायालय का किया निरीक्षण, वकीलों की सुनीं समस्याएं







