रांची में पुलिस क्वार्टर का ताला तोड़कर उड़ाये थे पंखे और तार, रबाडा गैंग के दो चोर दबोचे गए
रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले रबाडा गैंग के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से पंखे और जला हुआ कॉपर तार बरामद हुआ।

Ranchi News ;राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी कॉलोनी में पुलिस क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने न केवल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए चोरों की पहचान राहुल कुमार सिन्हा उर्फ 'रबाडा' और गोलू कुमार निषाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सुखदेवनगर के शिवपुरी रातू रोड के ही रहने वाले हैं, जिनमें से राहुल कुमार सिन्हा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
ताला तोड़कर उड़ा ले गए थे पंखे और बिजली के तार
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि शैलेश कुमार सिंह ने सुखदेवनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 24 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनके पुलिस क्वार्टर (क्वार्टर नंबर 7/11) का ताला तोड़ दिया और अंदर रखे 2 बंडल बिजली के तार, 3 सीलिंग पंखे, 7 ट्यूबलाइट, 10 बल्ब और 5 बोर्ड पार कर दिए। मामला पुलिस आवास में चोरी का था, लिहाजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 303/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
तार जलाकर निकाला कॉपर, कांच के सामान तोड़े
पुलिसिया पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि चोरी के बाद भागने के दौरान बल्ब और ट्यूबलाइट टूट गए थे, जिन्हें उन्होंने रास्ते में ही फेंक दिया था। वहीं, बिजली के तारों को उन्होंने जला दिया ताकि उसके अंदर से तांबा निकालकर बाजार में बेचा जा सके। पुलिस ने चोरों के पास से 3 पुराने सीलिंग पंखे, पंखे के 6 डैने, करीब 1 किलो जला हुआ कॉपर का तार और 1 टूटा हुआ बोर्ड स्विच कवर बरामद कर लिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कोडरमा पहुंचे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, व्यवहार न्यायालय का किया निरीक्षण, वकीलों की सुनीं समस्याएं

रांची में पैंटालून के सामने बड़ा हादसा, पुरानी दुकान की मरम्मत के दौरान गिरा बीम, मजदूर की गई जान







