अंगूठी चोरी के आरोप पर मेले में महाभारत!, मेदिनीनगर डिज्नीलैंड में युवक की जमकर पिटाई
मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान स्थित डिज्नीलैंड मेले में अंगूठी चोरी के आरोप पर युवक की पिटाई का वीडियो वायरल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराया और जांच शुरू की।

Palamu: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में चल रहे डिज्नीलैंड मेले में शनिवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। मेले में एक युवक पर अंगूठी चोरी करने का आरोप लगाकर उसकी सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति को संभाला और मामले को शांत कराया।
दुकानदार ने लगाया अंगूठी चोरी का आरोप, युवक ने किया विरोध
पुलिस के मुताबिक, मेले में गिरिडीह से आए दुकानदार संदीप कुमार श्रीवास्तव ने एक युवक के हाथ में अंगूठी देखकर दावा किया कि वह अंगूठी उसकी दुकान से चोरी हुई है। युवक ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि उसने यह अंगूठी किसी दूसरी दुकान से खरीदी है। इस पर दुकानदार ने उसे उसी दुकान पर चलकर पूछताछ और तस्दीक कराने की बात कही, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
दोस्तों को बुलाकर दुकानदार से की मारपीट, फिर खुद पिटा युवक
विवाद बढ़ने पर युवक मेला परिसर से बाहर गया और अपने तीन दोस्तों को बुला लाया। आरोप है कि दोस्तों के साथ लौटे युवक ने दुकानदार संदीप कुमार श्रीवास्तव के साथ मारपीट शुरू कर दी। उस वक्त संदीप मेले के मैनेजर कल्लू के पास मामले की शिकायत करने जा रहे थे। मेला प्रबंधन ने बीच-बचाव कर उस समय विवाद को शांत करा दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद युवक दोबारा अपने अन्य साथियों के साथ मेले में पहुंचा। इस दौरान भीड़ और अन्य दुकानदारों ने उस पर अंगूठी चोरी का आरोप लगाते हुए उसे घेर लिया और जमकर धुनाई कर दी।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार उठ रहे सवाल, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से शिवाजी मैदान में डिज्नीलैंड मेला शुरू हुआ है, तब से वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं और आए दिन मारपीट व हंगामे की घटनाएं हो रही हैं। मेदिनीनगर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मेले में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है, हालांकि पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बंदूकें खामोश हुईं पर स्कूलों की छतें जर्जर, नक्सलमुक्त होकर भी विकास को तरस रहा पश्चिमी सिंहभूम का बोयपाईसन गांव!

बच्चों के हाथ में हो किताब, नशे से रहें दूर!, बिरहोर परिवारों के बीच पहुंची हजारीबाग पुलिस की पाठशाला, बच्चों की शिक्षा पर दिया जोर







