पाकुड़ में शक के आधार पर प्रेमी ने की हैवानियत: 24 घंटे में हिरणपुर पुलिस ने खोला गैंगरेप व हत्या कांड का राज
झारखंड के शहर पाकुड़ में प्रेम और विश्वास का गला घोंटने वाली एक खबर सामने आई है. एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका का अन्य दरिंदे दोस्तों के साथ मिलकर पहले बलात्कार किया. फिर..

Jharkhand (Pakur): हिरणपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. खेत में मिली मासूम की लाश सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि इंसानियत को झकझोर देने वाली सच्चाई बनकर सामने आई. लेकिन इस दर्दनाक वारदात के बाद पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई ने न्याय की उम्मीद को जीवित रखा.
1 मार्च को मुर्गाडंगा से करीब दो किलोमीटर दूर एक गेहूं के खेत में नाबालिग का शव बरामद हुआ था. पहचान में समय लगा, लेकिन मृतका के भाई की लिखित शिकायत पर हिरणपुर थाना में कांड संख्या 12/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से महज 24 घंटे के भीतर इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश कर दिया. उनकी सक्रियता और रणनीतिक जांच ने यह साबित कर दिया कि अपराधी चाहे जितनी साजिश रच लें, कानून की पकड़ से बच नहीं सकते.
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मृतका का प्रेमी रफायल सोरेन है. उसका नाबालिग लड़की से पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. एक ही गोत्र होने के कारण शादी संभव नहीं थी. इसी बीच उसे लड़की के किसी अन्य से संबंध होने का शक हुआ. शक ने उसके मन में ऐसी घृणित योजना को जन्म दिया, जिसने एक मासूम की जिंदगी छीन ली.
सोहराय पर्व के दिन आरोपी ने अपने साथियों खजूरडंगा निवासी एल्गिन टुडू और एक नाबालिग के साथ मिलकर लड़की को खेत के पास बुलाया. विरोध करने पर दरिंदों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया.
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
थाना प्रभारी विनय कुमार की तत्परता, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशीलता इस पूरे मामले में सराहनीय रही. घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने व्यक्तिगत रूप से जांच की कमान संभाली और महज 24 घंटे के भीतर मामले की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
यह घटना समाज के लिए एक कड़वा संदेश है कि शक और अविश्वास किस तरह इंसान को हैवान बना सकता है. साथ ही यह भी सुकून देने वाला है कि हिरणपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार को न्याय की दिशा में तेज़ और ठोस कदम उठाते हुए भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
रिपोर्ट: नंद किशोर मंडल
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मिरुडीह में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद

गिरिडीह मेयर की वार्ड पार्षदों के साथ बैठक, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जल्द निर्गत करने के निर्देश






